पत्रकार टीम ने यूपी पुलिस को हराकर सेमीफाइनल में बनाई जगह, दूसरे मैच में रेलवे सुपरवाइजर भी विजयी.पूर्वा टाइम्स – समाचार
सोनभद्र -दिनांक 26 मई 2026 को आयोजित ऐतिहासिक क्रिकेट टूर्नामेंट का अंतिम क्वार्टर फाइनल मुकाबला यूपी पुलिस और पत्रकार टीम के बीच खेला गया। मैच के मुख्य अतिथि ओबरा विधानसभा के पूर्व सपा प्रत्याशी सुनील सिंह गोंड तथा विशिष्ट अतिथि नवागत चोपन थाना प्रभारी रहे। कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रगान से हुई, जिसके बाद अतिथियों का परिचय कराया गया।
टॉस जीतकर यूपी पुलिस टीम ने पहले क्षेत्ररक्षण करने का फैसला किया। बल्लेबाजी करने उतरी पत्रकार टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए निर्धारित 10 ओवर में टूर्नामेंट का अब तक का सबसे बड़ा स्कोर 112 रन बनाया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी यूपी पुलिस टीम निर्धारित ओवरों में लक्ष्य हासिल नहीं कर सकी और पत्रकार टीम ने मुकाबला जीतकर सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली। मैच में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए जॉनी को मैन ऑफ द मैच चुना गया। टूर्नामेंट के मीडिया प्रभारी एवं कमेंटेटर शाकिब खान ने पहले मुकाबले के समापन के तुरंत बाद दूसरा मैच शुरू कराया, जो डीटीएम-11 और रेलवे सुपरवाइजर टीम के बीच खेला गया। इस रोमांचक मुकाबले में रेलवे सुपरवाइजर टीम ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज की। रेलवे सुपरवाइजर टीम के खिलाड़ी जितेंद्र को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया। पत्रकार टीम के कोच संजय चेतन ने दोनों टीमों के खिलाड़ियों को बेहतर खेल के लिए बधाई दी। वहीं कप्तान प्रमोद और उपकप्तान अनुज जायसवाल ने आयोजन समिति को इस तरह के ऐतिहासिक टूर्नामेंट का आयोजन प्रत्येक वर्ष कराने का आग्रह किया। नवागत थाना प्रभारी ने भी बेहतर आयोजन के लिए आयोजकों की सराहना की। कार्यक्रम में एम.पी. सिंह, आर.बी. पॉल, डी.एन. महतो, धीरेन्द्र कुमार सिंह, ए.के. भारती, अखिलेश सिंह यादव, महेंद्र प्रसाद, मनीष कुमार, नजमुद्दीन इदरीशी, रमेश सोनी, सत्यदेव पांडेय, बृजभान, गोविंद, सनोज चौधरी, अंपायर वाहिद एवं रूपेश, स्कोरर सुजीत यादव व सोनू सहित बड़ी संख्या में खेल प्रेमी उपस्थित रहे।









