सौतेले पिता के गुस्से का शिकार बना पांच साल का मासूम,हत्या के आरोप में रितिक गिरफ्तार

सीसीटीवी और सर्विलांस से खुला राज, बच्चे को कार से ले जाकर नदी में फेंकने का आरोप

पूर्वा टाइम्स – डा अनिल गौतम

गोरखपुर। जिस मासूम को घर में अपनों के साये और प्यार की जरूरत थी, वही पांच साल का बच्चा अपने सौतेले पिता की कथित नफरत और ईर्ष्या का शिकार हो गया। शाहपुर थाना क्षेत्र के पादरी बाजार से लापता पांच वर्षीय बच्चे की हत्या के आरोप में पुलिस ने उसके सौतेले पिता रितिक यादव को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी बच्चे से ईर्ष्या रखता था। इसी खुन्नस में उसने बच्चे को कार से ले जाकर नदी में फेंक दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
पुलिस के मुताबिक 26 नवंबर को बच्चे के लापता होने की सूचना उसकी मां ने शाहपुर थाने में दी थी। पांच वर्षीय बच्चे के अचानक गायब होने से परिवार परेशान था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने बच्चे की तलाश में चार टीमों का गठन किया। जांच के दौरान सर्विलांस और सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए तो सामने आया कि रितिक यादव बच्चे को कार में बैठाकर अपने साथ ले गया था। पुलिस ने जब आरोपी से पूछताछ की तो उसने बच्चे की हत्या कर नदी में फेंकने की बात बताई। पुलिस के अनुसार आरोपी बच्चे से ईर्ष्या रखता था और इसी वजह से उसने इस जघन्य वारदात को अंजाम दिया। बच्चे के अपहरण से जुड़े मामले में विवेचना के दौरान हत्या, अपहरण और साक्ष्य छिपाने से संबंधित धाराएं बढ़ाई गई हैं।
आरोपी रितिक यादव पुत्र फूलचंद यादव मूल रूप से सहजनवां थाना क्षेत्र के मटिहरा गांव का निवासी है। वह शाहपुर थाना क्षेत्र के पादरी बाजार में काली मंदिर के पास रह रहा था।शाहपुर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *