घरेलू हिंसा की शिकार बनी महिला, पति ने पत्नी की गला दबाकर की हत्या.

पूर्वा टाइम्स – समाचार
सोनभद्र -जनपद के खड़िया क्षेत्र में गुरुवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां शराब के नशे में पति ने अपनी पत्नी की गला दबाकर हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी पति को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी। मृतका की पहचान आशा देवी के रूप में हुई है, जबकि आरोपी पति का नाम महेंद्र गुप्ता पुत्र दशरथ गुप्ता बताया जा रहा है। महेंद्र गुप्ता मूल रूप से ओबरा क्षेत्र का निवासी है और वर्तमान में खड़िया क्षेत्र में किराए के मकान में रह रहा था। स्थानीय लोगों के मुताबिक बुधवार रात पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। बताया जा रहा है कि आरोपी महेंद्र गुप्ता शराब के नशे में था। विवाद बढ़ने पर उसने पत्नी आशा देवी का गला गमछे से दबा दिया, जिससे उसकी हालत गंभीर हो गई। परिजन उसे अस्पताल लेकर जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। घटना के समय आरोपी घर में ही मौजूद था। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं आरोपी पति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी गई है।
क्षेत्राधिकारी पिपरी हर्ष पांडे ने बताया कि थाना शक्तिनगर पर सूचना प्राप्त हुई थी कि आरोपी महेंद्र ने शराब के नशे में पारिवारिक विवाद के चलते अपनी पत्नी का गला दबा दिया। उन्होंने बताया कि दोनों की शादी को लगभग 25 वर्ष हो चुके थे। सूचना मिलते ही थाना शक्तिनगर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा व पोस्टमार्टम की कार्रवाई कराई गई। तहरीर प्राप्त कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है तथा अभियुक्त को हिरासत में ले लिया गया है। मौके पर शांति व्यवस्था कायम है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पति-पत्नी के बीच पहले भी विवाद होता था, लेकिन किसी ने नहीं सोचा था कि मामला हत्या तक पहुंच जाएगा। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और दहशत का माहौल है। इस घटना ने घरेलू हिंसा और नशे की बढ़ती प्रवृत्ति को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से नशे के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *