सार्वजनिक रास्ते पर कब्जे का आरोप, महिला ने पुलिस व लेखपाल पर लगाए गंभीर आरोप

पूर्वा टाइम्स – अखिलेश कुमार
गोरखपुर। चिलुआताल थाना क्षेत्र के गौरा खास निवासी मुनक्का देवी ने स्थानीय पुलिसकर्मियों और लेखपाल पर दबंगों के साथ मिलकर सार्वजनिक रास्ते पर कब्जा कराने का गंभीर आरोप लगाया है। मामले को लेकर पीड़िता ने अपर पुलिस महानिदेशक, जिलाधिकारी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक समेत अन्य अधिकारियों को प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है। पीड़िता के अनुसार, गोविंदपुर निवासी रामसरन और शेषबरन पुत्र मिहू के साथ रास्ते को लेकर दीवानी न्यायालय में मुकदमा विचाराधीन है। इसके बावजूद आरोपित पक्ष जबरन सहन और सार्वजनिक रास्ते पर कब्जा करने का प्रयास कर रहा है। महिला का आरोप है कि कब्जे में सफलता न मिलने पर गोविंदपुर के लेखपाल विवेक सिंह तथा चौकी मजनू के चौकी इंचार्ज चंदन नारायण, एसआई अंकित सिंह और कई सिपाहियों को मौके पर बुलाया गया। मुनक्का देवी का कहना है कि पुलिसकर्मियों और लेखपाल की मौजूदगी में सार्वजनिक रास्ते पर जबरन कब्जा कराने की कोशिश की गई, जिसका वीडियो भी मौजूद है। उन्होंने आरोप लगाया कि विरोध करने पर उन्हें जातिसूचक शब्द कहे गए, धक्का देकर भगाया गया तथा झूठे मुकदमे में फंसाने और मकान गिरवाने की धमकी दी गई। पीड़िता ने यह भी कहा कि यदि सार्वजनिक रास्ते पर कब्जा हो गया तो गोविंदपुर गांव के लोगों का आवागमन प्रभावित हो जाएगा। उन्होंने बताया कि इससे पहले भी कुछ राजस्वकर्मियों और पुलिसकर्मियों पर कब्जा कराने का प्रयास करने का आरोप लगाया जा चुका है। महिला ने प्रशासन से सार्वजनिक रास्ते को अतिक्रमण से मुक्त कराने, आरोपितों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने तथा निष्पक्ष जांच कर कठोर कार्रवाई की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *