नगर पंचायत अध्यक्ष ने वार्ड नंबर 3 में डस्टबिन वितरण अभियान की शुरुआत कर लोगों को किया जागरूक

पूर्वा टाइम्स – समाचार
चोपन। नगर पंचायत चोपन द्वारा नगर क्षेत्र में स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से शुक्रवार को वार्ड नंबर 3 स्थित मान्यवर काशीराम आवास से डस्टबिन वितरण अभियान का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ नगर पंचायत अध्यक्ष उस्मान अली द्वारा किया गया। इस दौरान वार्ड के सभासद प्रतिनिधि पंकज बिंद, सभासद नरेश यादव, नगर पंचायत के लिपिक अंकित पांडेय सहित अन्य कर्मचारी एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान नगर पंचायत अध्यक्ष उस्मान अली ने लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए कहा कि स्वच्छ नगर की जिम्मेदारी केवल नगर पंचायत की नहीं बल्कि प्रत्येक नागरिक की भी है। उन्होंने लोगों से घरों एवं आसपास के क्षेत्रों में साफ-सफाई बनाए रखने, कूड़ा इधर-उधर न फेंकने तथा डस्टबिन का नियमित उपयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि स्वच्छ वातावरण से बीमारियों पर नियंत्रण पाया जा सकता है और नगर को सुंदर एवं स्वस्थ बनाया जा सकता है। इस अवसर पर सभासद प्रतिनिधि पंकज बिंद व नरेश यादव ने भी लोगों से नगर पंचायत द्वारा चलाए जा रहे स्वच्छता अभियान में सहयोग करने का आग्रह किया।कार्यक्रम के अंतर्गत स्थानीय निवासियों को डस्टबिन वितरित किए गए तथा गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग रखने के बारे में जानकारी दी गई। नगर पंचायत के कर्मचारियों ने भी लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए नियमित सफाई व्यवस्था में सहयोग करने की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *