निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश, जिलाधिकारी ने किया स्थलीय निरीक्षण.

पूर्वा टाइम्स – ब्यूरो

सोनभद्र -जनपद में संचालित विभिन्न निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा के लिए जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने मंगलवार को स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने टूरिस्ट फैसिलिटेशन सेंटर, पर्यटन कार्यालय तथा राजकीय आश्रम पद्धति विद्यालय लोढ़ी के निर्माण कार्यों का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। टूरिस्ट फैसिलिटेशन सेंटर के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने निर्माण एजेंसी के प्रोजेक्ट मैनेजर को निर्देशित किया कि कार्य की गुणवत्ता की जांच थर्ड पार्टी के माध्यम से कराई जाए। साथ ही कार्यस्थल पर श्रमिकों से संबंधित सभी रजिस्टर अद्यतन रूप से उपलब्ध रखने और निर्माण कार्य को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए। इसके बाद जिलाधिकारी ने पर्यटन कार्यालय के निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित एजेंसी के प्रतिनिधि को निर्देशित किया कि भवन के फिनिशिंग कार्य को शीघ्र पूर्ण कराया जाए, ताकि इसका उपयोग जल्द से जल्द शुरू किया जा सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्यों में अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। राजकीय आश्रम पद्धति विद्यालय लोढ़ी के निर्माण कार्य की प्रगति धीमी पाए जाने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने अधिशासी अभियंता यूपी सिडको को निर्देशित किया कि कार्य में तेजी लाने के लिए श्रमिकों की संख्या बढ़ाई जाए और निर्माण कार्य को तय समय सीमा में पूरा किया जाए। साथ ही उन्होंने चेतावनी दी कि किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि वे निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी करें और गुणवत्ता से कोई समझौता न किया जाए। उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध तरीके से पूरा करना प्रशासन की जिम्मेदारी है। इस मौके पर जिला समाज कल्याण अधिकारी ज्ञानेन्द्र सिंह भदौरिया, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी संत पाल वर्मा, सहायक पर्यटन अधिकारी राजेश भारती, एडीएसटीओ जय सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *