शादी कराने के नाम पर 1.60 लाख रुपये की जबरन वसूली का आरोप, महिला गिरफ्तार.पूर्वा टाइम्स – ब्यूरो

सोनभद्र -शादी कराने के नाम पर युवक को सोनभद्र बुलाकर कथित रूप से डराने-धमकाने और 1.60 लाख रुपये की जबरन वसूली करने के मामले में रायपुर पुलिस ने वांछित अभियुक्ता को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी महिला ने अपने साथियों के साथ मिलकर पीड़ित को नक्सलियों का रिश्तेदार बताकर जान से मारने की धमकी दी थी। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) ऋषभ रुणवाल के मार्गदर्शन और क्षेत्राधिकारी सदर सुधीर कुमार सिंह के पर्यवेक्षण में रायपुर पुलिस टीम ने आरोपी की तलाश की। पुलिस के मुताबिक, मधू पाण्डेय और उसके साथियों ने वादी को शादी कराने के नाम पर सोनभद्र बुलाया। शादी की रस्म कराने के बाद उसे कथित तौर पर डराया-धमकाया गया और नक्सलियों का रिश्तेदार बताकर उससे 1,60,000 रुपये की जबरन वसूली की गई। साथ ही जान से मारने की धमकी देने का आरोप है। मामले में थाना रायपुर में मु.अ.सं.-138/2026 के तहत धारा 352, 351(2), 308(5), 318(4) बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस ने वांछित अभियुक्ता की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित कर तलाश शुरू की थी। पुलिस के अनुसार 16 सितंबर 2026 को मधू पाण्डेय पत्नी सुधीर पाण्डेय, निवासी ग्राम छोटा मिर्जापुर, थाना अदलहाट, जनपद मिर्जापुर को हिन्दुआरी पुलिस चौकी के पास पुल के ऊपर, रॉबर्ट्सगंज से गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तारी के दौरान उसके कब्जे से 6,920 रुपये नकद और एक कीपैड मोबाइल फोन बरामद किया गया। गिरफ्तार अभियुक्ता को आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत करने के लिए रवाना किया गया। पुलिस ने बताया कि मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक विजय कुमार चौरसिया, उपनिरीक्षक सूबेदार यादव, आरक्षी चन्द्रकेश चौहान, आरक्षी सर्वेश मिश्रा और महिला आरक्षी भूमिका शामिल रहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *