आग से बचाव के बताए आसान तरीके, सीआईएसएफ ने दिया प्रशिक्षण.पूर्वा टाइम्स – भोला प्रसाद गुप्ता

सोनभद्र -इस्लामिया इंटर कॉलेज ओबरा परिसर में बुधवार को केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) ओबरा ने आग से सुरक्षा जागरूकता प्रशिक्षण आयोजित किया। इस प्रशिक्षण में विद्यार्थियों और मौजूद लोगों को आग लगने की अलग-अलग वजहों और शुरुआत में आग बुझाने के आसान और सुरक्षित तरीकों के बारे में बताया गया। सीआईएसएफ ओबरा के सब इंस्पेक्टर अमित चतुर्वेदी ने प्रशिक्षण दिया। उन्होंने बताया कि बिजली के शॉर्ट सर्किट, गैस रिसाव, पेट्रोल-डीजल और अन्य ज्वलनशील चीजों में लापरवाही से आग लग सकती है। उन्होंने आग के प्रकार के अनुसार सही आग बुझाने वाले यंत्र का चुनाव और उसके इस्तेमाल की जानकारी दी।
अमित चतुर्वेदी ने बताया कि बिजली से लगी आग पर पानी डालना खतरनाक हो सकता है। ऐसी स्थिति में सबसे पहले बिजली सप्लाई बंद करनी चाहिए और फिर सही आग बुझाने वाले यंत्र का इस्तेमाल करना चाहिए। गैस में आग लगने पर गैस की सप्लाई बंद करना जरूरी है। अगर कपड़ों में आग लग जाए, तो व्यक्ति को दौड़ने के बजाय जमीन पर लेटकर लुढ़कने की सलाह दी गई। प्रशिक्षण के दौरान यह भी बताया गया कि इमरजेंसी में घबराने के बजाय जल्दी और सुरक्षित तरीके से काम करना चाहिए। आग लगने की स्थिति में सबसे पहले लोगों को सुरक्षित जगह पर पहुंचाना चाहिए। जरूरत पड़ने पर फायर ब्रिगेड को सूचना देनी चाहिए। कार्यक्रम में प्रधान आरक्षक विवेकानंद सिंह, सुशील कुमार राव, आरक्षक अग्नि नितेश कुमार सिंह, दर्शनसलिंग और आरक्षक चालक अजीत सिंह काजला मौजूद रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रधानाचार्य रियाज अहमद ने की। प्रशिक्षण में बताया गया कि घर, स्कूल और काम की जगह पर ज्वलनशील चीजों को सुरक्षित रखना चाहिए। बिजली के उपकरणों और गैस चूल्हे का इस्तेमाल सावधानी से करना चाहिए। एक छोटी सी लापरवाही भी बड़े हादसे की वजह बन सकती है। आग लगने पर घबराने के बजाय सुरक्षा को प्राथमिकता दें और तुरंत सही कदम उठाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *