विकसित भारत क्विज’ से राष्ट्र निर्माण में भागीदार बनेंगे युवा, 30 सितम्बर तक करें प्रतिभाग

राष्ट्रीय स्तर पर चयनित युवाओं को प्रधानमंत्री के समक्ष अपने विचार एवं नवाचार प्रस्तुत करने का मिलेगा अवसर

15 से 29 वर्ष के युवा ले सकेंगे हिस्सा, 22 भाषाओं में आयोजित हो रही प्रश्नोत्तरी

पूर्वा टाइम्स – समाचार

सोनभद्र -युवाओं को राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया से जोड़ने तथा उनके नेतृत्व, नवाचार एवं रचनात्मक विचारों को राष्ट्रीय मंच प्रदान करने के उद्देश्य से आयोजित विकसित भारत क्विज’ में जनपद के युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में प्रतिभाग करने की अपील की गई है। जिला युवा अधिकारी, मेरा युवा भारत, सोनभद्र ने 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के पात्र युवाओं से इस राष्ट्रीय पहल में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया है।
राष्ट्रीय युवा महोत्सव का आयोजन वर्ष 1995 से प्रत्येक वर्ष 12 जनवरी को स्वामी विवेकानंद जी की जयंती के अवसर पर किया जाता रहा है। वर्ष 2025 में प्रधानमंत्री के निर्देशन में राष्ट्रीय युवा महोत्सव को नया स्वरूप देते हुए विकसित भारत युवा नेतृत्व संवाद’ के रूप में आयोजित किया गया। इसी क्रम में 30वें राष्ट्रीय युवा महोत्सव–विकसित भारत युवा नेतृत्व संवाद-2027 का आयोजन किया जा रहा है।
इस पहल का उद्देश्य युवाओं को राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी का अवसर देने के साथ उनमें नेतृत्व क्षमता, नवाचार, रचनात्मक चिंतन एवं समाधान आधारित दृष्टिकोण को प्रोत्साहित करना है। भारत को वर्ष 2047 तक विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प के तहत आयोजित विकसित भारत क्विज’ युवाओं को देश के भविष्य को आकार देने और ‘विकसित भारत @2047’ की परिकल्पना से जुड़ने का अवसर प्रदान करेगी। यह प्रश्नोत्तरी 22 भाषाओं में आयोजित की जा रही है।
पांच चरणों में होगा विकसित भारत युवा संवाद
प्रथम चरण—प्रश्नोत्तरी (17 अगस्त–30 सितम्बर 2026): विकसित भारत एवं राष्ट्र निर्माण से जुड़े विषयों पर प्रश्नोत्तरी में प्रतिभाग।
द्वितीय चरण—निबंध लेखन (05–09 अक्टूबर 2026): चयनित युवा विकसित भारत से जुड़े विषयों पर अपने विचार एवं सुझाव प्रस्तुत करेंगे।
तृतीय चरण—जिला स्तरीय प्रतियोगिता (10–16 नवम्बर 2026): प्रतिभागी अपने विचारों, नवाचारों एवं समाधानों का प्रस्तुतीकरण करेंगे।
चतुर्थ चरण—राज्य स्तरीय युवा संवाद (17 नवम्बर–07 दिसम्बर 2026): जिला स्तर पर चयनित युवा राज्य स्तर पर अपने विचार एवं कार्ययोजना प्रस्तुत करेंगे।
पंचम चरण—राष्ट्रीय युवा संवाद (10–12 जनवरी 2027): राज्य स्तर से चयनित युवाओं को राष्ट्रीय मंच पर अपने विचार एवं नवाचार प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा।
प्रतियोगिता में भविष्य का सुशासन, शहरी परिवर्तन एवं नागरिक सेवाएं, जलवायु सुरक्षा, सीमावर्ती एवं पर्वतीय क्षेत्रों का सतत विकास, जनसांख्यिकीय लाभांश, मानव संसाधन एवं युवा विकास, सतत औद्योगिकीकरण, प्राकृतिक संसाधन आधारित विकास, विनिर्माण, उद्यमिता एवं हरित विकास, जनजातीय नेतृत्व एवं समावेशी विकास, नवाचार आधारित अर्थव्यवस्था, पर्यटन एवं रचनात्मक उद्योग, प्रौद्योगिकी एवं नवाचार, भविष्य के लिए तैयारी एवं रोजगार क्षमता, नीली अर्थव्यवस्था तथा वैश्विक प्रतिस्पर्धा जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर युवाओं को अपने विचार रखने का अवसर मिलेगा।
प्रधानमंत्री के समक्ष विचार रखने का मिलेगा अवसर
विभिन्न चरणों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय युवा संवाद के लिए चयनित युवाओं को देश के समक्ष अपने विचार, विजन एवं नवाचार प्रस्तुत करने के साथ ही प्रधानमंत्री के समक्ष अपने विचार रखने का अवसर प्राप्त होगा।
जिला युवा अधिकारी, मेरा युवा भारत, सोनभद्र ने जनपद के सभी पात्र युवाओं से अपील की है कि वे 30 सितम्बर, 2026 तक ‘विकसित भारत क्विज’ में अधिक से अधिक संख्या में प्रतिभाग कर राष्ट्र निर्माण के इस अभियान से जुड़ें तथा ‘विकसित भारत @2047’ के संकल्प को साकार करने में अपनी भूमिका निभाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *