हर घर नल जल योजना की समीक्षा, मई तक हर घर में शुद्ध पेयजल सुनिश्चित करने के निर्देश.
पूर्वा टाइम्स – समाचार
सोनभद्र -जनपद में पेयजल आपूर्ति व्यवस्था को सुदृढ़ और शिकायतमुक्त बनाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने कलेक्ट्रेट सभागार में “हर घर नल जल योजना” की समीक्षा बैठक की। बैठक में उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि किसी भी स्तर पर पेयजल से संबंधित शिकायत प्राप्त नहीं होनी चाहिए और जहां कहीं भी समस्या हो, उसे तत्काल प्राथमिकता के आधार पर दूर किया जाए। जिलाधिकारी ने कहा कि आगामी भीषण गर्मी और मई माह को देखते हुए सभी ग्रामीण और नगरीय क्षेत्रों में निर्बाध, नियमित और गुणवत्तापूर्ण पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। उन्होंने जोर देकर कहा कि पेयजल आपूर्ति केवल कागजों तक सीमित न रहे, बल्कि वास्तव में हर घर तक पानी पहुंचे, यह सुनिश्चित किया जाए। बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता जल निगम (ग्रामीण) को निर्देशित करते हुए कहा कि यदि पेयजल आपूर्ति में किसी प्रकार की लापरवाही की शिकायत मिलती है तो संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों की जिम्मेदारी तय करते हुए उनके विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि जल जीवन मिशन के तहत चिन्हित 364 राजस्व गांवों में हर घर नल जल योजना के माध्यम से नियमित जल आपूर्ति सुनिश्चित की जानी है।
उन्होंने निर्देश दिया कि इन गांवों में यदि कहीं भी पेयजल आपूर्ति से संबंधित समस्या है, तो उसका समाधान अधिकतम 10 दिनों के भीतर किया जाए। यदि निर्धारित समय में समस्या का निराकरण नहीं होता है, तो संबंधित दोषी के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। जिलाधिकारी ने यह भी स्पष्ट किया कि जिन गांवों में हर घर नल जल योजना के तहत जल आपूर्ति सुनिश्चित की गई है, वहां टैंकर के माध्यम से पानी की आपूर्ति नहीं की जाएगी। यदि अनावश्यक रूप से टैंकर का उपयोग किया गया, तो संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
इसके साथ ही उन्होंने जिला पंचायत राज अधिकारी को निर्देशित किया कि जनपद एवं ब्लॉक स्तर पर बनाए गए कंट्रोल रूम पूरी तरह सक्रिय रहें और पेयजल से जुड़ी शिकायतों का तत्काल समाधान किया जाए। अधिकारियों को क्षेत्रवार सतत निगरानी बनाए रखने, पाइपलाइन, मोटर, पंप आदि तकनीकी समस्याओं का शीघ्र निस्तारण करने और नियमित समीक्षा कर प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। बैठक में अपर जिलाधिकारी (नमामि गंगे) रोहित यादव, जिला पंचायत राज अधिकारी नमिता शरण, अधिशासी अभियंता जल निगम (ग्रामीण) सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।









