तालाब में डूबने से युवक की दर्दनाक मौत, परिवार में मचा कोहराम.
पूर्वा टाइम्स – समाचार
सोनभद्र के राबर्ट्सगंज कोतवाली अंतर्गत चुर्क चौकी क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। यहां अपनी भैंस को निकालने के लिए तालाब में उतरा एक युवक खुद गहरे पानी में समा गया। देखते ही देखते युवक डूबने लगा और मौके पर अफरा-तफरी मच गई। शोर सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और साहस दिखाते हुए युवक को तालाब से बाहर निकाला, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। युवक को आनन-फानन में जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। बताया जा रहा है कि चुर्क चौकी क्षेत्र का रहने वाला एक युवक सुबह अपनी भैंस को लेकर तालाब की तरफ गया था। सूचना मिलते ही चुर्क चौकी पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। इसी बीच कुछ साहसी युवकों ने तालाब में छलांग लगाई और काफी मशक्कत के बाद युवक को बाहर निकाला। हालत गंभीर होने पर युवक को तत्काल प्राइवेट वाहन से जिला अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई और पूरे गांव में मातम पसर गया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।









