ट्रक-डंपर की आमने सामने की टक्कर से लगी आग, ड्राइवर-क्लीनर जिंदा जले

तपिश इतनी तेज कि दमकलकर्मी भी नहीं जा सके पास, हाईवे पर लंबा जाम

गोरखपुर। कुशीनगर-लखनऊ फोरलेन पर गुरुवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में डंपर चालक और क्लीनर जिंदा जल गए, जबकि ट्रक चालक और खलासी गंभीर रूप से झुलस गए। हादसे के बाद लगी आग इतनी भयानक थी कि मौके पर पहुंची दमकल टीम को भी पास जाने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

जानकारी के मुताबिक रामगढ़ताल थाना क्षेत्र में अजवनिया गांव के पास सुबह करीब 5 बजे मक्का लदा ट्रक कुशीनगर से लखनऊ की ओर जा रहा था। इसी दौरान डस्ट से भरा एक डंपर रांग साइड से आ गया और दोनों वाहनों में जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर के बाद ट्रक सड़क किनारे पलट गया और उसमें भीषण आग लग गई, जिसने देखते ही देखते डंपर को भी अपनी चपेट में ले लिया।

आग की चपेट में आने से डंपर चालक सत्येंद्र (निवासी धमोरा, बस्ती) और क्लीनर शिवा (निवासी फतेहपुर) वाहन में ही फंस गए और जिंदा जल गए। दोनों के शव पूरी तरह जलकर कंकाल में तब्दील हो गए। वहीं ट्रक चालक और खलासी आग में झुलस गए, लेकिन किसी तरह वाहन से कूदकर अपनी जान बचाने में सफल रहे। दोनों घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस और फायर ब्रिगेड की पांच गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। आग की तीव्रता इतनी अधिक थी कि उसे काबू में करने में करीब एक घंटे से अधिक समय लग गया। धुएं का गुबार और आग की लपटें दूर-दूर तक दिखाई दे रही थीं।

घटना के कारण हाईवे पर करीब 5 किलोमीटर लंबा जाम लग गया, जिससे आवागमन प्रभावित रहा। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात बहाल कराया और आगे की कार्रवाई में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *