अन्त्योदय परिवारों को राशन संग मिलेगी मिठी राहत’, 10 से 25 सितंबर तक होगा राशन वितरण
पूर्वा टाइम्स – समाचार
सोनभद्र । महंगाई के दौर में सरकारी राशन पर निर्भर परिवारों के लिए सितंबर माह में ‘मिठी राहत’ का पैकेज मिलने जा रहा है। राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम-2013 के तहत जिले के अन्त्योदय एवं पात्र गृहस्थी कार्डधारकों को 10 से 25 सितंबर 2026 तक निःशुल्क खाद्यान्न वितरित किया जाएगा। खास बात यह है कि अन्त्योदय कार्डधारकों को राशन के साथ जुलाई, अगस्त और सितंबर यानी तीन माह की कुल तीन किलो चीनी भी उपलब्ध कराई जाएगी।
जिला पूर्ति अधिकारी ध्रुव गुप्ता के मुताबिक अन्त्योदय कार्डधारकों को प्रति कार्ड 35 किलोग्राम खाद्यान्न निःशुल्क मिलेगा। इसमें 10 किलो गेहूं और 25 किलो फोर्टिफाइड चावल शामिल रहेगा। इसके साथ ही तीन माह की तीन किलो चीनी 18 रुपये प्रति किलो की निर्धारित दर से दी जाएगी। यानी तीन किलो चीनी के लिए लाभार्थी को कुल 54 रुपये देने होंगे।
अन्त्योदय कार्ड पर 35 किलो अनाज –
अन्त्योदय कार्डधारकों को प्रति कार्ड 35 किलोग्राम खाद्यान्न निःशुल्क मिलेगा। इसमें 10 किलोग्राम गेहूं और 25 किलोग्राम फोर्टिफाइड चावल शामिल रहेगा। इसके साथ ही जुलाई, अगस्त और सितंबर 2026 के सापेक्ष तीन किलोग्राम चीनी भी उपलब्ध कराई जाएगी। चीनी के लिए 18 रुपये प्रति किलोग्राम की दर निर्धारित की गई है। इस हिसाब से तीन किलोग्राम चीनी के लिए कार्डधारक को कुल 54 रुपये का भुगतान करना होगा।
चीनी के लिए कोटेदार की दुकान बदलने की नहीं मिलेगी सुविधा –
चीनी वितरण में पोर्टेबिलिटी की सुविधा नहीं दी जाएगी। अन्त्योदय कार्डधारकों को तीन माह की चीनी अपने मूल उचित दर विक्रेता यानी निर्धारित कोटेदार से ही प्राप्त करनी होगी। इसलिए लाभार्थियों को चीनी लेने के लिए अपने निर्धारित कोटेदार की दुकान पर ही जाना होगा।
पात्र गृहस्थी कार्ड पर प्रति यूनिट पांच किलो राशन –
पात्र गृहस्थी कार्डधारकों को प्रति यूनिट पांच किलोग्राम खाद्यान्न निःशुल्क मिलेगा। इसमें एक किलोग्राम गेहूं और चार किलोग्राम फोर्टिफाइड चावल शामिल है। परिवार में दर्ज प्रत्येक यूनिट के आधार पर खाद्यान्न की मात्रा निर्धारित होगी।
यदि अंगूठा नहीं लगा तो OTP से मिलेगा राशन –
ई-पॉस मशीन पर बायोमेट्रिक सत्यापन में अंगूठा स्वीकार नहीं होने वाले लाभार्थियों को भी राशन से वंचित नहीं होना पड़ेगा। ऐसे कार्डधारकों के लिए 25 सितंबर को मोबाइल OTP वेरिफिकेशन के जरिए खाद्यान्न प्राप्त करने की सुविधा उपलब्ध रहेगी।
वहीं, ई-पॉस मशीन से वितरण में तकनीकी समस्या आने की स्थिति में नियमानुसार प्रॉक्सी सुविधा का भी लाभ दिया जा सकेगा।
ई-केवाईसी भी करा लें कार्डधारक –
जिला पूर्ति अधिकारी ध्रुव गुप्ता ने कार्डधारकों से निर्धारित अवधि में उचित दर दुकान पर पहुंचकर ई-केवाईसी की प्रक्रिया पूरी कराने की अपील की है। विभाग के मुताबिक ई-केवाईसी पूर्ण होने से पात्र लाभार्थियों को भविष्य में खाद्यान्न का लाभ निर्बाध रूप से प्राप्त करने में सुविधा होगी।

