विहिप का 62वां स्थापना दिवस मनाया, हिंदू समाज को जागरूक रहने का आह्वान।

पूर्वा टाइम्स – समाचार
सोनभद्र – चोपन विश्व हिंदू परिषद का 62वां स्थापना दिवस चोपन नगर स्थित रेल कर्मचारी इंटरमीडिएट कॉलेज में मनाया गया। कार्यक्रम का आयोजन विहिप के जिलाध्यक्ष विद्याशंकर पांडेय उर्फ बबलू पांडेय के नेतृत्व में हुआ। चोपन प्रखंड में आयोजित कार्यक्रम की मुख्य आयोजन समिति की जिम्मेदारी प्रखंड अध्यक्ष अजय सिंह ने संभाली।
कार्यक्रम का शुभारंभ राम दरबार की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद उपस्थित लोगों ने सामूहिक रूप से हनुमान चालीसा का पाठ किया। मुख्य वक्ता विहिप के धर्म प्रसार प्रमुख नरसिंह त्रिपाठी ने संगठन के सिद्धांतों और कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि विश्व हिंदू परिषद सिद्धांत, संस्कार और अनुशासन के साथ देश और धर्म की रक्षा के लिए कार्य कर रहा है। वर्तमान परिस्थितियों में हिंदू समाज को जागरूक और संगठित रहने की आवश्यकता है।
उन्होंने कहा कि कई स्थानों पर जनसंख्या का संतुलन बिगड़ने की स्थिति चिंता का विषय है। सीमावर्ती क्षेत्रों में लव जिहाद जैसी घटनाओं को लेकर भी समाज को जागरूक रहने और ऐसी परिस्थितियों की रोकथाम के लिए विचार करने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि हिंदू समाज को ऐसे विषयों पर सजग रहना चाहिए और विश्व हिंदू परिषद तथा बजरंग दल के कार्यों से जुड़कर समाज में जागरूकता बढ़ानी चाहिए।
नरसिंह त्रिपाठी ने जनपद में जमीन जिहाद से जुड़े मामलों को लेकर भी चिंता जताई और कहा कि इस विषय पर भी गंभीरता से विचार करने की आवश्यकता है। उन्होंने संगठन के माध्यम से हिंदू समाज में जागरूकता, संस्कार और एकजुटता बढ़ाने पर जोर दिया।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि धर्मराज बघेल के अलावा जनार्दन, प्रदीप अग्रवाल, सुरेंद्र पांडेय बरनवाल समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *