जनपद को पर्यटन हब बनाने की तैयारी तेज, होटल कारोबारियों के साथ डीएम ने बनाई रणनीति.पूर्वा टाइम्स – समाचार

सोनभद्र -जनपद को प्रमुख पर्यटन गंतव्य के रूप में विकसित करने की दिशा में जिला प्रशासन ने कवायद तेज कर दी है। मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी चर्चित गौड़ की अध्यक्षता में जनपद के होटल व्यवसायियों एवं उनके प्रतिनिधियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक हुई। बैठक में जिले में पर्यटकों के ठहराव की व्यवस्था मजबूत करने, होटल व होमस्टे का विस्तार करने और पर्यटन क्षेत्र में निवेश बढ़ाने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
जिलाधिकारी ने कहा कि सोनभद्र में प्राकृतिक, धार्मिक और ऐतिहासिक पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं। इन संभावनाओं को विकसित कर जिले को प्रमुख पर्यटन केंद्र के रूप में स्थापित किया जा सकता है। इसके लिए पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ होटल और आतिथ्य क्षेत्र को भी मजबूत करना जरूरी है।
बैठक में जिलाधिकारी ने होटल कारोबारियों को निर्देश दिया कि उनके प्रतिष्ठानों में ठहरने वाले पर्यटकों का विवरण नियमित रूप से जिला पर्यटन कार्यालय को उपलब्ध कराया जाए। पर्यटकों के ठहराव से संबंधित आंकड़ों के आधार पर पर्यटन विभाग प्रभावी कार्ययोजना तैयार करेगा। इससे जिले में आने वाले पर्यटकों की संख्या, उनके ठहराव और पर्यटन गतिविधियों की वास्तविक स्थिति का आकलन करने में मदद मिलेगी।
जिलाधिकारी ने होटल व्यवसायियों से शासन की ओर से होटल, ढाबा, रेस्टोरेंट और होमस्टे स्थापित करने के लिए संचालित सब्सिडी योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाने की अपील की। उन्होंने कहा कि इच्छुक कारोबारी उद्योग विभाग के माध्यम से एमओयू कराकर अपने प्रतिष्ठानों का विस्तार कर सकते हैं। इससे पर्यटकों के लिए ठहरने और खान-पान की बेहतर सुविधाएं विकसित होंगी।
उन्होंने कहा कि वाराणसी और आसपास के जनपदों में आने वाले देश-विदेश के पर्यटकों को सोनभद्र तक लाने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार की आवश्यकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *