जिलाधिकारी की पहल से बदली दिव्यांगों की राह, जनसुनवाई में दो लोगों को मिली मोटराइज्ड ट्राई साइकिल.पूर्वा टाइम्स – समाचार
सोनभद्र -जनसुनवाई में अपनी समस्या लेकर पहुंचे दोनों पैरों से दिव्यांग दो लोगों के लिए मंगलवार का दिन खुशियों की सौगात लेकर आया। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने उनकी आवागमन संबंधी परेशानी को देखते हुए दिनेश कुमार और प्रिंस एंटनी को मोटराइज्ड ट्राई साइकिल प्रदान की। दोनों मोटराइज्ड ट्राई साइकिल एनटीपीसी के सीएसआर फंड से उपलब्ध कराई गई हैं। ग्राम डुमरडीहा, तहसील दुद्धी निवासी दिनेश कुमार और ग्राम बाघोर, करमा, तहसील रॉबर्ट्सगंज निवासी प्रिंस एंटनी दोनों पैरों से दिव्यांग हैं। दिव्यांगता के कारण उन्हें रोजमर्रा के जरूरी कामों और आवागमन में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। जनसुनवाई के दौरान जिलाधिकारी ने उनकी समस्या को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने की पहल की। मोटराइज्ड ट्राई साइकिल मिलने के बाद दोनों के चेहरे खुशी से खिल उठे। उन्होंने शासन, जिला प्रशासन और एनटीपीसी के प्रति आभार जताया। अब मोटराइज्ड ट्राई साइकिल की मदद से उन्हें आने-जाने में काफी सहूलियत मिलने की उम्मीद है। इससे वे अपने दैनिक और जरूरी कार्यों को पहले की अपेक्षा अधिक आसानी से कर सकेंगे। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने कहा कि दिव्यांगजनों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना और उन्हें शासन की कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रयासों का उद्देश्य दिव्यांगजनों के जीवन को अधिक सुगम, सम्मानजनक और आत्मनिर्भर बनाना है। मोटराइज्ड ट्राई साइकिल मिलने से दोनों लाभार्थियों ने इसे अपने लिए बड़ी मदद बताते हुए कहा कि अब आवागमन के लिए दूसरों पर निर्भरता कम होगी। जनसुनवाई में मिली इस सहायता ने उनके लिए आत्मनिर्भरता की दिशा में एक नई राह खोल दी है।


