विवेकानंद विद्यालय का शानदार रिजल्ट, आदित्य बने टॉपर.

पूर्वा टाइम्स – ब्यूरो

सोनभद्र -सीबीएसई बोर्ड हाई स्कूल परीक्षा परिणाम घोषित होने के साथ ही क्षेत्र के विद्यालयों में उत्साह का माहौल देखने को मिला। इसी क्रम में विवेकानंद वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के छात्रों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय का नाम रोशन किया है। इस वर्ष विद्यालय के छात्र भैया आदित्य कुमार ने 97.2 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया। दूसरे स्थान पर भैया हर्षित मौर्या रहे, जिन्होंने 95.2 प्रतिशत अंक प्राप्त कर शानदार सफलता हासिल की। वहीं अंजना सोलंकी ने 89.6 प्रतिशत अंक प्राप्त कर तृतीय स्थान प्राप्त किया। तीनों विद्यार्थियों की इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार में खुशी और गर्व का वातावरण है। परीक्षा परिणाम घोषित होने के बाद विद्यालय परिसर में एक भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर टॉप करने वाले भैया-बहनों को माल्यार्पण कर सम्मानित किया गया तथा उन्हें मिष्ठान खिलाकर उनकी सफलता का उत्सव मनाया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों के अभिभावकों को भी विशेष रूप से सम्मानित किया गया, जिससे समारोह और अधिक गरिमामय हो गया।
कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाचार्य अरविंद मौर्य, प्रबंधक सुजीत कुमार एवं कोषाध्यक्ष खुशहाल सिंह की उपस्थिति रही। प्रधानाचार्य अरविंद मौर्य ने विद्यार्थियों की मेहनत, अनुशासन और समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि यह सफलता उनके कठिन परिश्रम का परिणाम है। उन्होंने सभी छात्रों को भविष्य में भी इसी प्रकार निरंतर प्रयास करते रहने की प्रेरणा दी। विद्यालय के प्रबंधक सुजीत कुमार एवं कोषाध्यक्ष खुशहाल सिंह ने भी विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि इस तरह की उपलब्धियां विद्यालय के गौरव को बढ़ाती हैं। उन्होंने छात्रों को आगे भी लक्ष्य निर्धारित कर मेहनत करने की सलाह दी। इस शानदार परिणाम ने न केवल विद्यालय बल्कि पूरे क्षेत्र का नाम गौरवान्वित किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *