फर्जी खाते खुलवाकर ठगी करने वाले तीन आरोपी गिरफ्तार

गोरखपुर। थाना तिवारीपुर पुलिस ने फर्जी बैंक खाते खुलवाकर अवैध लेनदेन करने वाले तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त तीन मोबाइल फोन और तीन सिम कार्ड भी बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार अभियुक्तों ने लोगों को सरकारी योजना के नाम पर खाते खुलवाने का लालच दिया और उनके पासबुक व एटीएम कार्ड अपने कब्जे में लेकर अवैध लेनदेन करते थे। इस संबंध में प्राप्त तहरीर के आधार पर थाना तिवारीपुर में मुकदमा दर्ज किया गया था, जिसके बाद साइबर सेल और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार अभियुक्तों में समसुल्हक उर्फ शब्बू उर्फ रेयान, सारिक अनवर और सारिम शामिल हैं, जो थाना तिवारीपुर क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं। पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक पंकज कुमार सिंह, साइबर सेल प्रभारी साजिद अली खान समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे। पुलिस ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।








