ठंड से बचाव के लिए नगर पंचायत चोपन के कर्मचारियों को वितरित किए गए ट्रैक सूट और जूते
पूर्वा टाइम्स – ब्यूरो
सोनभद्र -चोपन आगामी ठंड के मौसम को देखते हुए आदर्श नगर पंचायत चोपन की ओर से कर्मचारियों की सुविधा एवं सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए ट्रैक सूट, जूते और रिफ्लेक्टर वितरित किए गए। नगर पंचायत अध्यक्ष उस्मान अली एवं अधिशासी अधिकारी अखिलेश सिंह की उपस्थिति में आयोजित इस कार्यक्रम में सम्मानित सभासदगण एवं क्षेत्र के गणमान्य लोग मौजूद रहे। इस पहल का उद्देश्य ठंड के मौसम में कर्मचारियों को राहत प्रदान करने के साथ-साथ कार्य के दौरान उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने में सहयोग करना है। नगर पंचायत के कर्मचारी नगर की साफ-सफाई, स्वच्छता व्यवस्था और अन्य आवश्यक सेवाओं को सुचारु बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। विशेषकर सफाई कर्मचारियों को सुबह जल्दी तथा कई बार देर शाम तक अपने दायित्वों का निर्वहन करना पड़ता है। ऐसे में ठंड के मौसम में उन्हें अतिरिक्त सुविधाओं और सुरक्षा की आवश्यकता होती है।कर्मचारियों को ट्रैक सूट और जूते उपलब्ध कराना उन्हें ठंड से बचाव में मदद पहुंचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। इस दौरान सभासद राजन जायसवाल, घनश्याम चौधरी, दिव्यविकास सिंह, अनीता बिंद, सलीम कुरैशी, विनीत जाटव, नरेश यादव, अरुण कुमार, नागेंद्र यादव, अशोक सिंघल, जीतू सिंह, राधारमण पांडेय, अभिषेक दुबे, निशांत सिंघल, लिपिक अंकित पांडेय इत्यादि लोग उपस्थित रहे। इस दौरान कर्मचारियों के योगदान की सराहना करते हुए उनके कल्याण एवं सुरक्षा के महत्व को रेखांकित किया गया। नगर की स्वच्छता और व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने में कर्मचारियों की भूमिका महत्वपूर्ण है। ऐसे में उन्हें आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना उनके प्रति सहयोग और सम्मान की भावना को दर्शाता है।

