सीमेंट फैक्ट्री से निकल रही दुर्गंध से परेशान नगरवासियों ने किया हल्ला बोल विरोध प्रदर्शन
सैकड़ों लोगों ने आंदोलन का बिगुल फूंककर फैक्ट्री प्रबंधन को दी चेतावनी
पूर्वा टाइम्स – समाचार
सोनभद्र -डाला अल्ट्राटेक सीमेंट फैक्ट्री से निकल रही दुर्गंध चहुंओर फैलने से परेशान नगरवासियों ने शनिवार को पंडित मनोज शुक्ला की अध्यक्षता में रामलीला मैदान में एकत्रित होकर हल्ला बोल विरोध प्रदर्शन किया। फैक्ट्री प्रबंधन के विरुद्ध आंदोलन का बिगुल फूंका।चेतावनी दी कि अगर कंपनी प्रबंधन द्वारा तत्काल फैल रही दूर्गंध पर लगाम नहीं लगाई तो हम सब फैक्ट्री मुख्य द्वार पर विरोध करेंगे।
लोगों का आरोप है कि विगत दो वर्षों से उक्त फैक्ट्री में प्रदेश के विभिन्न जनपदों से भारी वाहनों के द्वारा कचरा मंगाकर जलाया जा रहा है जा रहा है जिसकी दूर्गंध इस कदर फैल रही है कि हर किसी की जुबान से एक ही बात निकल रही है की अब सांस लेना व जीना अल्ट्राटेक ने दुश्वार कर दिया गया है इस जहरीली दुर्गंध से आमजन के स्वास्थ्य को नुकसान हो रहा है। दूर्गंध जहरीली हवा बनकर लोगों के फेफड़ों में समा जा रही है जो अनेक बीमारियों को जन्म दे रही है। कचरे की दुर्गंध से परेशान सैकड़ों नगरवासियों ने फैक्ट्री प्रबंधन के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए कहा कि फैक्ट्री चले विकास करे उससे हम लोगों को कोई दिक्कत नहीं है लेकिन हम शुद्ध वातावरण के बीच खुली सांस ना ले सके यह कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। बार-बार जिम्मेदार अधिकारियों व फैक्ट्री प्रबंधन को इस समस्या से अवगत कराया गया लेकिन अभी तक दूर्गंध की रोकथाम को लेकर कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। लिहाजा अब समय आ गया है कि हम सब संवैधानिक तरीके से तब तक इसका विरोध करते रहेंगे जब तक इस समस्या का समाधान नहीं हो जाता। कार्यक्रम का संचालन धीरेंद्र प्रताप सिंह सोनू ने किया।इस दौरान व्यापार मंडल अध्यक्ष मुकेश जैन, पूर्व जिला पंचायत सदस्य सुभाष पाल, सभासद अवनीश देव पांडेय,विशाल कुमार,संतोष कुमार बबलू, बिंदू देवी,चंद्रावती ,अंशू पटेल आदि मौजूद रहे।









