सोनांचल की सड़कों का होगा कायाकल्प, 166.92 करोड़ रुपये का बजट स्वीकृत. पूर्वा टाइम्स – समाचार

सोनभद्र -आदिवासी बाहुल्य सोनभद्र में बेहतर कनेक्टिविटी और औद्योगिक विकास को गति देने के लिए चार प्रमुख सड़कों के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण की तैयारी तेज हो गई है। शासन ने करीब 66.44 किलोमीटर लंबी चार सड़कों के लिए 166.92 करोड़ रुपये के प्रस्तावों को वित्तीय स्वीकृति प्रदान करते हुए बजट जारी किए जाने की संस्तुति की है। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने बताया कि जिले में उद्योगों को बेहतर कनेक्टिविटी उपलब्ध कराने के उद्देश्य से इन सड़कों का निर्माण कराया जाएगा। अपर मुख्य सचिव वित्त एवं वित्त आयुक्त की अध्यक्षता में हुई व्यय वित्त समिति की बैठक में प्रस्तावों को वित्तीय स्वीकृति दी गई है। अब जल्द ही टेंडर प्रक्रिया पूरी कर सड़क निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा। जिलाधिकारी ने बताया कि चार राज्यों की सीमा से जुड़े सोनभद्र में बेहतर सड़क कनेक्टिविटी से दूसरे जनपदों तक आवागमन आसान होगा। इससे उद्योगों के लिए कच्चे माल और तैयार उत्पादों की ढुलाई में लगने वाला समय और लॉजिस्टिक्स लागत भी कम होगी। सड़कें बेहतर होने से आम लोगों को भी आवागमन में सुविधा मिलेगी और यात्रा का समय कम होगा। साथ ही सड़क दुर्घटनाओं में कमी आने की उम्मीद है।
इन सड़कों का होगा सुदृढ़ीकरण-:
चोपन-कोटा-कोन-खरौंदी मार्ग का सुदृढ़ीकरण करीब 43.84 करोड़ रुपये की लागत से कराया जाएगा।
वाराणसी-शक्तिनगर स्टेट हाईवे-5ए के सुदृढ़ीकरण एवं सतह सुधार पर करीब 58.15 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। साथ ही आरएस रोड से कोदरा टोला मार्ग के सुदृढ़ीकरण के लिए करीब 26.09 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। वहीं मुर्धवा-म्योरपुर-बभनी-चपकी-बीजपुर मार्ग के सुदृढ़ीकरण पर करीब 38.82 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। जिलाधिकारी ने कहा कि इन मार्गों के सुदृढ़ीकरण से जिले के दूरस्थ और औद्योगिक क्षेत्रों की कनेक्टिविटी मजबूत होगी। सड़क निर्माण पूरा होने के बाद उद्योगों के साथ-साथ ग्रामीण और आमजन को भी आवागमन में बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *