यात्री वाहन दुर्घटना प्रकरण की मजिस्ट्रियल जांच जारी

साक्ष्य एवं बयान प्रस्तुत करने के लिए 18 अक्टूबर तक का समय

इच्छुक व्यक्ति एसडीएम दुद्धी कार्यालय में दर्ज करा सकते हैं अपना कथन –

पूर्वा टाइम्स – समाचार
सोनभद्र। यात्री वाहन संख्या UP78-LT-9060 से संबंधित दुर्घटना प्रकरण में जिलाधिकारी सोनभद्र के आदेश के क्रम में मजिस्ट्रियल जांच संस्थित की गई है। उक्त जांच के लिए उप जिलाधिकारी, दुद्धी को जांच अधिकारी नामित किया गया है। प्रकरण की जांच वर्तमान में प्रचलित है।
कार्यालय उप जिलाधिकारी, दुद्धी द्वारा अवगत कराया गया है कि उक्त दुर्घटना के संबंध में उत्तर प्रदेश मोटरयान कराधान नियमावली, 1998 के नियम-30 एवं 31 के प्राविधानों के अंतर्गत पीड़ित यात्री अथवा अन्य संबंधित व्यक्तियों के आश्रितों/वारिसानों को देय आर्थिक सहायता के संबंध में आवश्यक जांच एवं संस्तुति की जानी है।
इस संबंध में सर्वसाधारण को सूचित किया जाता है कि यदि किसी व्यक्ति के पास उक्त दुर्घटना प्रकरण से संबंधित कोई साक्ष्य, तथ्य अथवा कथन उपलब्ध हो और वह उसे जांच में प्रस्तुत करना चाहता हो, तो वह दिनांक 18 अक्टूबर, 2026 तक किसी भी कार्य दिवस में उप जिलाधिकारी, दुद्धी के कार्यालय में उपस्थित होकर अपना साक्ष्य अथवा कथन लिखित अथवा मौखिक रूप से दर्ज करा सकता है।
जांच अधिकारी द्वारा सभी संबंधित व्यक्तियों से अपील की गई है कि यदि उनके पास प्रकरण से संबंधित कोई महत्वपूर्ण जानकारी या साक्ष्य हो, तो निर्धारित अवधि के भीतर उसे जांच में प्रस्तुत करें, ताकि प्रकरण की निष्पक्ष एवं तथ्यपरक जांच सुनिश्चित की जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *