फ़्लोरोसिस प्रभावित गांवों में हर घर नल योजना फेल, ग्रामीणों का फूटा गुस्सा.

पूर्वा टाइम्स – समाचार

सोनभद्र -जनपद के नवसृजित विकासखंड कोन अंतर्गत जल जीवन मिशन हर्रा-कदरा ग्राम समूह पेयजल योजना के तहत संचालित हर घर नल योजना धरातल पर पूरी तरह विफल साबित हो रही है। फ्लोरोसिस प्रभावित कचनरवा, कुड़वा और आसपास के कई गांवों में वर्षों से जलापूर्ति बंद होने से ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है। शनिवार को क्षेत्र पंचायत सदस्य लाल बहादुर चौधरी की अगुवाई में असनाबांध में ग्रामीणों ने जल निगम और कार्यदायी संस्था विष्णु प्रकाश आर पुंगलिया लिमिटेड के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। ग्रामीणों का आरोप है कि योजना के तहत कई गांवों में अब तक नल कनेक्शन का कार्य पूरा नहीं हुआ है, जबकि जहां कनेक्शन दिए गए हैं वहां आज तक एक बूंद पानी नहीं पहुंचा। लोगों का कहना है कि वे आज भी नदी-नाले और चुहाड़ का दूषित पानी पीने को मजबूर हैं, जिससे फ्लोरोसिस जैसी गंभीर बीमारी फैल रही है। ग्रामीणों ने कार्यदायी संस्था पर घटिया निर्माण, पाइपलाइन की कम गहराई और लापरवाही के आरोप लगाए। समाजसेवी बिहारी प्रसाद यादव ने कहा कि गरीब आदिवासी परिवार वर्षों से शुद्ध पेयजल के लिए परेशान हैं, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी और संस्था केवल आश्वासन देकर लोगों को गुमराह कर रहे हैं। उन्होंने संस्था को तत्काल ब्लैकलिस्ट करने की मांग की। वहीं जिला पंचायत सदस्य छविंद्र नाथ चेरो ने आरोप लगाया कि कचनरवा, असनाबांध, मधुरी, सिंगा, बड़ाप और बागेसोती सहित कई गांवों में वर्षों से पानी की सप्लाई बंद है। प्रदर्शन में राजेंद्र उरांव, लालचंद, गोपाल, मनोज, मनिया देवी और जलवंती देवी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल रहे। ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री और जिलाधिकारी से हस्तक्षेप कर जल्द शुद्ध पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित कराने तथा दोषी संस्था के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *