मुक्तिपथ पर पितरों की तृप्ति के लिए होगा रुद्र महायज्ञ

पूर्वा टाइम्स- डॉ अनिल गौतम

गोरखपुर। जनपद के दक्षिणांचल स्थित विधानसभा क्षेत्र चिल्लूपार के बड़हलगंज सरयू तट पर जन सहयोग से निर्मित मानव काया के अंतिम पड़ाव मुक्तिपथ पर आगामी 11 से 17 अक्टूबर तक पितरों की तृप्ति के लिए होने जा रहे रुद्र महायज्ञ की तैयारियां जोर पकड़ने लगी हैं।नगर पंचायत बड़हलगंज सभागार में महायज्ञ के मुख्य संयोजक, विधायक चिल्लूपार राजेश त्रिपाठी की अध्यक्षता और संयोजक महेश उमर की देखरेख में सम्पन्न हुई क्षेत्र के गणमान्य जनों कीबैठक में महायज्ञ के आयोजन के निमित्त अलग-अलग डेढ़ दर्जन आयोजन समितियों का गठन किया गया।इस महायज्ञ के लिए जनजागरण और जन भागीदारी सुनिश्चित कराने के लिए आगामी 14 मई को बड़हलगंज चरण पादुका कुटी पर महायज्ञ की जानकारी से सम्बन्धित पत्रक, स्टीकर, पोस्टर के साथऑडियो-वीडियो विजुअल्स का लोकार्पण किया जाएगा और वहीं से जन आमंत्रण हेतु जनजागरण रथयात्रा निकलेगी जो उरुवा क्षेत्र के धुरियापार धवलेश्वरनाथ मन्दिर तक जायेगी और वहां पूजन-अर्चन के बाद हर घर जनसम्पर्क आरम्भ होगा जहां हल्दी और तुलसीपत्र से निमंत्रण देकर हर घर से एक मुट्ठी चावल व सहयोग प्राप्ति अभियान की भी शुरुआत होगी।इस महायज्ञ में सात दिन तक श्रीमद्भगवत कथा के लिए आचार्य पुण्डरीक गोस्वामी जी का कार्यक्रम मिल चुका है ।
महायज्ञ की पवित्रता और भव्यता के लिये धर्माचार्यों के निर्देशन में मुक्तिपथ की व्यवस्था में भी परिवर्तन किया जा रहा है। शवों को शवदाह स्थल तक ले जाने के लिये अलग से मार्ग बनाने की व्यवस्था की जा रही है महायज्ञ का परिक्रमा मार्ग अलग करने के लिए यज्ञ मंडप में प्रवेश के लिए अलग द्वार बनाया जा चुका है इसके साथ अन्य भी प्रयास किये जा रहे हैं ताकि चिल्लूपार ही नहीं संपूर्ण भारत और विश्व में पहली बार आयोजित होने जा रहे अपनी तरह के अनूठे इस पितर तृप्ति रुद्र महायज्ञ की भव्यता और दिव्यता और पवित्रता बनी रहे।
इस अवसर पर पूर्व प्रमुख रामबेलास तिवारी, दीपक गुप्ता, प्रकाशवीर जायसवाल, राजकुमार निगम, हरिकेश यादव सहित बड़ी संख्या लोग मौजूद रहे ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *