सिंगरौली रेलवे स्टेशन पर डीआरएम का निरीक्षण, ओबीसी एसोसिएशन ने किया सम्मान, चोपन सेक्शन में डॉक्टर की कमी का मुद्दा उठाया
पूर्वा टाइम्स – समाचार
सिंगरौली- 16 अप्रैल को सिंगरौली में
धनबाद मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) अखिलेश मिश्रा के सिंगरौली रेलवे स्टेशन पर निरीक्षण के दौरान ओबीसी एसोसिएशन द्वारा उनका भव्य स्वागत एवं सम्मान किया गया। इस अवसर पर एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने डीआरएम को बुके एवं शाल भेंट कर उनका अभिनंदन किया और क्षेत्रीय समस्याओं से भी अवगत कराया।
निरीक्षण के दौरान ओबीसी एसोसिएशन के प्रतिनिधियों ने चोपन रेलवे सेक्शन में डॉक्टर की कमी का गंभीर मुद्दा प्रमुखता से उठाया। उन्होंने बताया कि इस सेक्शन में कार्यरत रेलकर्मियों और उनके परिवारों को पर्याप्त चिकित्सा सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं, जिससे उन्हें काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। एसोसिएशन ने डीआरएम से इस समस्या के शीघ्र समाधान की मांग की।
डीआरएम अखिलेश मिश्रा ने एसोसिएशन के सदस्यों की बातों को गंभीरता से सुना और आश्वासन दिया कि संबंधित समस्याओं पर उचित कार्यवाही की जाएगी, ताकि कर्मचारियों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
इस कार्यक्रम में ओबीसी एसोसिएशन की ओर से चंद्रजीत कुमार, विकाश कुमार, जितेंद्र कुमार, ब्रजेश कुमार, मनोज कुमार, सी.पी. गुप्ता, खेमराज प्रजापति, राकेश चौरसिया, विद्यासागर सोनी एवं कालिका प्रसाद सहित कई सदस्य उपस्थित रहे।
अंत में एसोसिएशन के सदस्यों ने कहा कि ओबीसी एसोसिएशन हमेशा कर्मचारियों के हितों के लिए कार्य करती रही है और भविष्य में भी इसी तरह उनके अधिकारों एवं सुविधाओं के लिए निरंतर प्रयास करती रहेगी।









