जिला पूर्ति अधिकारी पर भाजपा पार्षद के देवर ने किया फावड़े से हमला
बाइक हटाने को लेकर हुआ विवाद, आरोपियों पर मुकदमा दर्ज
पूर्वा टाइम्स- डॉ अनिल गौतम
गोरखपुर। शाहपुर थाना क्षेत्र के रेल विहार-चरगांवा इलाके में सड़क से बाइक हटाने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। आरोप है कि भाजपा पार्षद के देवर ने अपने साथियों के साथ मिलकर औरैया के जिला पूर्ति अधिकारी राजेश कुमार और उनके चालक कैलाश सिंह बिष्ट पर फावड़े से हमला कर दिया। घटना में दोनों घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा गया। मिली
जानकारी के अनुसार डीएसओ राजेश कुमार अपनी मां को अस्पताल दिखाने चरगांवा पहुंचे थे। इसी दौरान सड़क निर्माण कार्य के बीच रास्ते में खड़ी एक बाइक को हटाने का अनुरोध उनके चालक ने किया। आरोप है कि इसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया और देखते ही देखते मारपीट में बदल गया। हमलावरों ने चालक की पिटाई की और फावड़े से वार कर घायल कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंचे डीएसओ भी हमले का शिकार हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भिजवाया। चालक कैलाश सिंह बिष्ट की तहरीर पर भाजपा पार्षद के देवर समेत सात-आठ अज्ञात लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। वहीं दूसरी ओर पार्षद प्रतिनिधि चंदू पासवान ने आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि सड़क निर्माण के चलते बैरिकेडिंग की गई थी और विवाद की शुरुआत चालक की ओर से हुई थी। उनका दावा है कि उन्होंने केवल बीच-बचाव किया था। पुलिस का कहना है कि साक्ष्यों और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।








