मा० जिला जज, जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने जिला कारागार चुर्क (घुर्मा) का किया औचक निरीक्षण

सुरक्षा व्यवस्था, स्वच्छता एवं बंदियों को उपलब्ध सुविधाओं का लिया विस्तृत जायजा

बंदियों से सीधे संवाद कर जानी समस्याएं, व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के दिए निर्देश

पूर्वा टाइम्स – समाचार
सोनभद्र – जिला जज राम सुलिन सिंह, जिलाधिकारी चर्चित गौड़ एवं पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने बुधवार को जिला कारागार चुर्क (घुर्मा), सोनभद्र का औचक निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं का गहन जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने कारागार की सुरक्षा व्यवस्था, स्वच्छता, स्वास्थ्य सेवाओं एवं बंदियों को उपलब्ध कराई जा रही मूलभूत सुविधाओं की समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने कारागार की पाकशाला का निरीक्षण कर भोजन की गुणवत्ता, स्वच्छता एवं खाद्य सामग्री की व्यवस्था का अवलोकन किया। साथ ही बंदियों से सीधे संवाद स्थापित कर उनके स्वास्थ्य, उपचार, भोजन, पेयजल एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की तथा उनकी समस्याओं को भी सुना।
जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने कारागार की बैरकों, पेयजल व्यवस्था, स्नानागार, शौचालय एवं परिसर की साफ-सफाई का निरीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने निर्देशित किया कि बंदियों को निर्धारित मानकों के अनुरूप सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं तथा स्वच्छता, स्वास्थ्य एवं सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाया जाए।
जिला जज, जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने कारागार प्रशासन को निर्देशित किया कि बंदियों के अधिकारों एवं सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाए तथा कारागार में अनुशासन, सुरक्षा एवं स्वच्छ वातावरण बनाए रखने के लिए नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *