आगामी बरसात को देखते हुए नगर पंचायत क्षेत्र के मुख्य नालों की सफाई तेज, सफाई मित्र जुटे अभियान में
पूर्वा टाइम्स – समाचार
सोनभद्र। चोपन नगर पंचायत चोपन में आगामी मानसून सत्र को देखते हुए जलभराव की समस्या से निपटने के लिए मुख्य नालों की सफाई का कार्य युद्धस्तर पर शुरू कर दिया गया है। नगर पंचायत अध्यक्ष उस्मान अली एवं अधिशासी अधिकारी अखिलेश सिंह के निर्देशानुसार नगर क्षेत्र के प्रमुख नालों की साफ-सफाई कराई जा रही है, ताकि बरसात के दौरान जल निकासी व्यवस्था सुचारू बनी रहे और नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। नगर पंचायत के सफाई मित्र नगर के विभिन्न वार्डों में स्थित मुख्य नालों से गाद, कूड़ा-कचरा एवं अन्य अवरोधों को हटाने में जुटे हुए हैं। सफाई अभियान के दौरान नालों में जमी गंदगी को निकालकर जल प्रवाह को सुचारू बनाया जा रहा है।अधिकारियों का कहना है कि बरसात से पहले सभी प्रमुख नालों एवं नालियों की सफाई सुनिश्चित की जाएगी ताकि जलभराव की स्थिति उत्पन्न न हो। नगर पंचायत अध्यक्ष उस्मान अली ने बताया कि नगरवासियों की सुविधा एवं स्वच्छता को प्राथमिकता देते हुए यह अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे नालियों एवं नालों में कूड़ा-कचरा न डालें तथा स्वच्छता बनाए रखने में नगर पंचायत का सहयोग करें। अधिशासी अधिकारी अखिलेश सिंह ने बताया कि सफाई कार्य की नियमित निगरानी की जा रही है और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि बरसात के दौरान जल निकासी व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के लिए नगर पंचायत पूरी तरह प्रतिबद्ध है। इस दौरान नगर पंचायत के सफाई निरीक्षक एवं सफाई कर्मी मौजूद रहे तथा सफाई कार्य को प्रभावी ढंग से संपन्न कराया गया।









