जिलाधिकारी ने ईवीएम-वीवीपैट वेयरहाउस का किया मासिक निरीक्षण
जिलाधिकारी ने सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरों एवं कंट्रोल रूम का लिया जायजा, आयोग के दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन करने के दिए निर्देश
एफएलसी कार्य का किया निरीक्षण, जनपद जौनपुर भेजी जा रहीं 100 वीवीपैट मशीनों की भी परखी व्यवस्था
पूर्वा टाइम्स – ब्यूरो
सोनभद्र -जिलाधिकारी जिला निर्वाचन अधिकारी चर्चित गौड़ ने आज विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में कलेक्ट्रेट परिसर में स्थित निर्वाचन के ईवीएम-वीवीपैट वेयरहाउस का मासिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने वेयरहाउस में सुरक्षित रखी गई ईवीएम एवं वीवीपैट मशीनों की सुरक्षा तथा रखरखाव से संबंधित व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने वेयरहाउस के चारों ओर स्थापित सीसीटीवी कैमरों की संख्या एवं उनकी क्रियाशीलता, कंट्रोल रूम, कक्षवार विद्युत आपूर्ति, खिड़कियों, रोशनदानों तथा दीवारों की रंगाई-पुताई सहित विभिन्न बिंदुओं का निरीक्षण किया। उन्होंने वेयरहाउस के बाहरी परिसर की सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निरंतर निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी एवं संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि ईवीएम-वीवीपैट वेयरहाउस की सुरक्षा के संबंध में भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पूरी गंभीरता से अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। सुरक्षा गार्डों की शिफ्टवार तैनाती तथा सुरक्षा से जुड़े सभी प्रबंधों को निर्धारित मानकों के अनुरूप बनाए रखने के भी निर्देश दिए।
इस दौरान जिलाधिकारी ने वेयरहाउस में संचालित ईवीएम-वीवीपैट के प्रथम स्तरीय जांच (एफएलसी) कार्य का भी निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों से इसकी प्रगति की जानकारी ली। इसके अतिरिक्त जनपद जौनपुर को भेजी जा रही 100 वीवीपैट मशीनों का निरीक्षण कर उनके प्रेषण से संबंधित व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
जिलाधिकारी ने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया की पारदर्शिता एवं विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए ईवीएम एवं वीवीपैट मशीनों की सुरक्षा और रखरखाव सर्वाेच्च प्राथमिकता है। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए तथा आयोग के दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए।

