मिशन शक्ति फेज-5.0 में महिलाओं को बताए गए अधिकार और हेल्पलाइन नंबर

पूर्वा टाइम्स समाचार
गोरखपुर,। महिलाओं और बालिकाओं को जागरूक एवं सशक्त बनाने के उद्देश्य से जनपद गोरखपुर में “मिशन शक्ति फेज-5.0” के तहत विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के दूसरे चरण में जिले के सभी थानों पर “बहू बेटी सम्मेलन” का आयोजन कर महिलाओं और छात्राओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों और सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। पुलिस अधीक्षक अपराध एवं नोडल मिशन शक्ति गोरखपुर के पर्यवेक्षण में आयोजित इस कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों और महिला कर्मियों ने चौपाल लगाकर महिलाओं से संवाद किया। सम्मेलन के दौरान महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा, सम्मान, स्वावलंबन और सशक्तिकरण के प्रति जागरूक किया गया। साथ ही उन्हें यह बताया गया कि किसी भी प्रकार की हिंसा, उत्पीड़न या अपराध की स्थिति में वे पुलिस और प्रशासन की सहायता किस प्रकार प्राप्त कर सकती हैं। कार्यक्रम में महिला हेल्पलाइन 1090, आपातकालीन सेवा 112, महिला हेल्पलाइन 181 तथा चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 सहित अन्य महत्वपूर्ण सेवाओं की जानकारी दी गई। अधिकारियों ने महिलाओं को साइबर अपराध, घरेलू हिंसा, दहेज उत्पीड़न और बाल विवाह जैसी समस्याओं के प्रति सतर्क रहने की सलाह भी दी। इस अवसर पर छात्राओं और महिलाओं को शासन की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी प्रदान की गई। जागरूकता बढ़ाने के लिए पंपलेट वितरित किए गए और उपस्थित महिलाओं से खुलकर अपनी समस्याएं साझा करने की अपील की गई। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि मिशन शक्ति अभियान का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं में सुरक्षा और आत्मविश्वास की भावना को मजबूत करना है, ताकि वे समाज में निर्भीक होकर आगे बढ़ सकें। सम्मेलन में बड़ी संख्या में महिलाएं, छात्राएं और स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *