जनगणना-2027 की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी ने की महत्वपूर्ण बैठक
जनगणना फेज-2 की कार्ययोजना पर विस्तृत मंथन, समयबद्ध एवं त्रुटिरहित कार्य संपन्न कराने के निर्देश
उत्तर प्रदेश के लिए 05 जनवरी, 2027 निर्धारित की गई संदर्भ तिथि
मास्टर ट्रेनर, फील्ड ट्रेनर एवं प्रगणकों को मिलेगा प्रशिक्षण, 16 से 30 नवम्बर तक होगी स्वगणना
पूर्वा टाइम्स – समाचार
सोनभद्र – जनगणना-2027 को सुव्यवस्थित, समयबद्ध एवं त्रुटिरहित ढंग से संपन्न कराने की तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इसी क्रम में जिलाधिकारी/प्रमुख जनगणना अधिकारी चर्चित गौड़ की अध्यक्षता में जिला स्तरीय जनगणना अधिकारियों एवं समस्त चार्ज अधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनगणना फेज-2 की रूपरेखा, प्रशिक्षण व्यवस्था एवं आगामी कार्ययोजना पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। बैठक में जनगणना निदेशालय, उत्तर प्रदेश से प्राप्त दिशा-निर्देशों के संबंध में अधिकारियों को अवगत कराया गया। बताया गया कि भारत सरकार, गृह मंत्रालय के अधीन भारत के महारजिस्ट्रार एवं जनगणना आयुक्त द्वारा 05 सितम्बर को जारी अधिसूचना के क्रम में जनगणना-2027 के लिए उत्तर प्रदेश की संदर्भ तिथि 01 मार्च, 2027 के स्थान पर 05 जनवरी, 2027 निर्धारित की गई है। जिलाधिकारी ने कहा कि जनगणना अत्यंत महत्वपूर्ण राष्ट्रीय दायित्व है, इसलिए इससे जुड़े प्रत्येक स्तर की तैयारी पूरी गंभीरता और बेहतर समन्वय के साथ की जाए। उन्होंने मास्टर ट्रेनर, फील्ड ट्रेनर एवं प्रगणकों के प्रशिक्षण की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा जनगणना संबंधी प्रत्येक प्रक्रिया को निर्धारित समय-सीमा में बिना किसी त्रुटि के पूर्ण करने के निर्देश दिए। बैठक में बताया गया कि 16 नवम्बर से 30 नवम्बर तक स्वगणना के लिए अवधि निर्धारित की गई है। जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि स्वगणना के संबंध में व्यापक जागरूकता सुनिश्चित की जाए तथा जनगणना कार्य में लगे अधिकारी-कर्मचारी अधिक से अधिक लोगों को स्वगणना के लिए प्रेरित करें। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ तैयारियों को समय से पूर्ण करने के निर्देश देते हुए कहा कि सटीक जनगणना बेहतर योजना निर्माण और विकास की मजबूत आधारशिला है। जनगणना कार्य की प्रत्येक जिम्मेदारी पूरी सजगता, गंभीरता एवं प्रतिबद्धता के साथ निभाई जाए। बैठक में अपर जिलाधिकारी वि0/रा0 वागीश कुमर शुक्ला, कलेक्ट्रेट ओ0सी0 आकांक्षा गौतम, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी निजामूद्दीन अनसारी, तहसीलदार सदर अमित सिंह सहित सम्बन्धित अधिकारीगण उपस्थित रहें।


