सरयू में दर्दनाक हादसा: भाई-बहन समेत दो बच्चों की डूबकर मौत, युवक ने बहादुरी दिखाकर एक की बचाई जान

पूर्वा टाइम्स अखिलेश कुमार
गोरखपुर जिले के गोला क्षेत्र स्थित मेहड़ा मंदिर के पास सरयू नदी में रविवार को दर्दनाक हादसा हो गया। स्नान करने गए तीन बच्चे गहरे पानी में चले गए, जिससे वे डूबने लगे। हादसे में भाई-बहन समेत दो बच्चों की मौत हो गई, जबकि एक किशोरी को गाँव के एक बहादुर युवक ने अपनी जान जोखिम में डालकर बचा लिया।बताया जा रहा है कि तीनों बच्चे अपने ननिहाल घूमने आए थे और सरयू नदी में स्नान करने गए थे। इसी दौरान वे गहरे पानी में पहुंच गए और डूबने लगे। बच्चों के शोर मचाने पर आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
गाँव के एक युवक ने बिना अपनी जान की परवाह किए नदी में छलांग लगा दी और 16 वर्षीय माया को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। वहीं एक बच्चे को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। तीसरे बच्चे को गोताखोरों की मदद से बाहर निकाला गया, जिसे अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।हादसे में 11 वर्षीय प्रिंस और 13 वर्षीय शिवानी की मौत हो गई। दोनों भाई-बहन बताए जा रहे हैं। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया है। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और आगे की कार्रवाई में जुट गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *