पिपराईच पुलिस ने चोरी की बाइक के साथ दो अभियुक्तों को किया गिरफ्तार

पूर्वा टाइम्स समाचार
गोरखपुर। गोरखपुर पुलिस के थाना पिपराईच पुलिस ने चोरी की घटना का खुलासा करते हुए दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की है। यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे अपराध नियंत्रण अभियान के तहत की गई। पुलिस के अनुसार थाना पिपराईच पर दर्ज मुकदमा संख्या 192/2026 धारा 303(2) भारतीय न्याय संहिता से संबंधित मामले में प्रभारी निरीक्षक विवेक त्रिवेदी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए अभियुक्त दीनानाथ निषाद निवासी ककरहिया जंगल धूषण तथा नीतेश निषाद निवासी छोटी रेतवाहिया थाना पिपराईच को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार अभियुक्तों के कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की गई। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) भारतीय न्याय संहिता की बढ़ोत्तरी भी की गई है। घटना के संबंध में बताया गया कि 7 मई 2026 को वादी बाजार सामान खरीदने गया था। इसी दौरान अज्ञात चोर उसकी मोटरसाइकिल चोरी कर फरार हो गए। पीड़ित की तहरीर के आधार पर थाना पिपराईच में मुकदमा दर्ज कर पुलिस जांच में जुटी थी। गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक विवेक त्रिवेदी, उपनिरीक्षक राहुल दूबे, उपनिरीक्षक प्रदीप कुमार श्रीनेत तथा कांस्टेबल सोहन राजभर शामिल रहे। पुलिस द्वारा अभियुक्तों के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *