जुगैल पुलिस की त्वरित कार्रवाई, शादी का झांसा देकर युवती के यौन शोषण के आरोप में युवक गिरफ्तार.पूर्वा टाइम्स – ब्यूरो

सोनभद्र -मिशन शक्ति अभियान फेज-6.0 के तहत महिला संबंधी अपराधों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में जुगैल पुलिस को सफलता मिली है। पुलिस ने शादी का झांसा देकर 21 वर्षीय युवती का यौन शोषण करने के आरोप में वांछित अभियुक्त को मुकदमा दर्ज होने के करीब 14 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान विशांत उर्फ विसंत पुत्र राम सुग्रीम, निवासी ग्राम झरपिया, थाना जुगैल, जनपद सोनभद्र के रूप में हुई है। पुलिस ने आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

युवती की तहरीर पर दर्ज हुआ था मुकदमा-:

पुलिस के अनुसार, 21 अक्टूबर 2026 को एक 21 वर्षीय युवती ने थाना जुगैल में तहरीर देकर आरोप लगाया कि उसके विवाहित पड़ोसी विशांत उर्फ विसंत ने शादी करने का झांसा देकर उसका यौन शोषण किया। शिकायत में घटना की तारीख 6 अक्टूबर और 10 अक्टूबर 2026 बताई गई है। युवती की तहरीर के आधार पर थाना जुगैल में मुकदमा अपराध संख्या 132/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 69 में अभियोग पंजीकृत किया गया। मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई शुरू की।

जोरबा गेट से आरोपी गिरफ्तार-:

पुलिस की ओर से जारी प्रेस नोट के मुताबिक, 22 अक्टूबर 2026 को सुबह करीब 10:10 बजे थाना जुगैल क्षेत्र के जोरबा गेट से अभियुक्त विशांत उर्फ विसंत को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने बताया कि मुकदमा दर्ज होने के लगभग 14 घंटे के भीतर गिरफ्तारी की कार्रवाई पूरी कर ली गई।

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में हुई कार्रवाई-:

पुलिस अधीक्षक सोनभद्र अभिषेक वर्मा के निर्देशन में मिशन शक्ति अभियान फेज-6.0 के तहत महिला सुरक्षा, सम्मान एवं सशक्तिकरण तथा महिला संबंधी अपराधों में संलिप्त आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) मेविस टॉक और क्षेत्राधिकारी ओबरा प्रभात राय के पर्यवेक्षण में जुगैल पुलिस ने कार्रवाई की। गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक शिवप्रताप वर्मा, उपनिरीक्षक मेराज खान, हेड कांस्टेबल शमशेर यादव, कांस्टेबल पवन कुमार यादव और महिला कांस्टेबल श्वेता उत्तम शामिल रहीं।
पुलिस के अनुसार, अभियुक्त को न्यायालय में प्रस्तुत करने के बाद जेल भेज दिया गया। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *