मिशन शक्ति अभियान के तहत महिलाओं और बालिकाओं को किया गया जागरूक

पूर्वा टाइम्स समाचार
गोरखपुर। गोरखपुर पुलिस द्वारा “मिशन शक्ति फेज-5.0” के अंतर्गत विशेष जागरूकता अभियान चलाकर महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों और सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन तथा पुलिस अधीक्षक अपराध/नोडल मिशन शक्ति के पर्यवेक्षण में जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में यह कार्यक्रम आयोजित किया गया।
अभियान के दौरान मिशन शक्ति टीम, पीआरवी एवं अन्य पुलिस बल द्वारा स्कूलों, बाजारों और सार्वजनिक स्थलों पर पहुंचकर महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा, सम्मान, स्वावलंबन एवं सशक्तिकरण के प्रति जागरूक किया गया। इस दौरान घरेलू हिंसा से संरक्षण अधिनियम, दहेज प्रतिषेध अधिनियम, कार्यस्थल पर लैंगिक उत्पीड़न निवारण अधिनियम, पॉक्सो एक्ट, बाल विवाह प्रतिषेध कानून, बाल श्रम कानून सहित महिलाओं की गरिमा से जुड़े विभिन्न कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी गई।
पुलिस टीमों ने महिलाओं को हेल्पलाइन नंबरों एवं सहायता मंचों के बारे में भी विस्तार से बताया। इसमें वीमेन पावर लाइन 1090, पुलिस आपातकालीन सेवा 112, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, वन स्टॉप सेंटर 181, साइबर हेल्पलाइन 1930, एंबुलेंस सेवा 108 तथा मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 जैसी सेवाओं की जानकारी दी गई। साथ ही मोबाइल फोन में इमरजेंसी कॉल एवं पैनिक बटन के उपयोग का डेमो भी प्रस्तुत किया गया।
कार्यक्रम के अंत में महिलाओं और बालिकाओं के बीच जागरूकता संबंधी पंपलेट वितरित किए गए तथा किसी भी प्रकार की समस्या होने पर तत्काल पुलिस और संबंधित हेल्पलाइन से संपर्क करने की अपील की गई।








