मतदाता सूची में छोटी-मोटी त्रुटियों पर नहीं रोका जाएगा मतदान, पात्र मतदाता कर सकेंगे मताधिकार का प्रयोग

23 अक्टूबर को विधान परिषद निर्वाचन: लिपिकीय त्रुटियों के कारण मताधिकार से वंचित नहीं होगा कोई मतदाता

जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने दिए निर्देश, मतदाता की पहचान सुनिश्चित कर मतदान का अवसर देना होगा

लिपिकीय अथवा मुद्रण संबंधी त्रुटियों के कारण किसी मतदाता को मताधिकार से वंचित न किया जाए: जिलाधिकारी

पूर्वा टाइम्स – ब्यूरो
सोनभद्र -जिलाधिकारी जिला निर्वाचन अधिकारी, सोनभद्र चर्चित गौड़ ने अवगत कराते हुए बताया कि मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश, लखनऊ के निर्देशानुसार उत्तर प्रदेश विधान परिषद के खण्ड स्नातक के 05 एवं खण्ड शिक्षक के 06 निर्वाचन क्षेत्रों के द्विवार्षिक निर्वाचन-2026 के अन्तर्गत दिनांक 23 अक्टूबर, 2026 को होने वाले मतदान के दौरान मतदाता सूची में मतदाता के विवरण में आंशिक लिपिकीय अथवा मुद्रण संबंधी त्रुटियां होने के आधार पर किसी भी मतदाता को उसके मताधिकार से वंचित नहीं किया जाएगा। यदि कोई मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए मतदान केन्द्र पर पहुंचता है और पीठासीन अधिकारी अथवा मतदान अधिकारी को मतदाता सूची में उसके विवरण में लिपिकीय अथवा मुद्रण संबंधी अशुद्धियां दिखाई देती हैं, तो ऐसी स्थिति में मतदाता की पहचान सुनिश्चित की जाएगी। यदि मतदान अधिकारी मतदाता द्वारा प्रस्तुत अनुमन्य दस्तावेजों अथवा मतदाता सूची में दर्ज अन्य विवरणों के आधार पर संतुष्ट हो जाता है कि संबंधित व्यक्ति वही मतदाता है, जिसका नाम मतदाता सूची में दर्ज है, तो ऐसी लिपिकीय अथवा मुद्रण संबंधी त्रुटियों को नजरअंदाज करते हुए उसे मताधिकार का प्रयोग करने की अनुमति प्रदान की जाएगी।
जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी ने समस्त उप जिलाधिकारियों, पदनामित सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों एवं समस्त तहसीलदारों को निर्देशित किया है कि मतदान प्रक्रिया के दौरान आयोग के उक्त निर्देशों का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। साथ ही सभी संबंधित अधिकारियों एवं मतदान कार्मिकों को आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराई जाए, ताकि मामूली लिपिकीय अथवा मुद्रण संबंधी त्रुटियों के कारण किसी भी पात्र मतदाता को मतदान से वंचित न होना पड़े तथा मतदान प्रक्रिया सुचारु एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *