हिण्डालको रेणुकूट के कर्मचारी रवि सिंह ने वर्ल्ड चैंपियनशिप में जीता रजत पदक देश का बढ़ाया मान
पूर्वा टाइम्स – समाचार
रेणुकूट (सोनभद्र, उत्तर प्रदेश): जिला सोनभद्र के रेणुकूट निवासी रवि सिंह ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर शानदार प्रदर्शन करते हुए भारत का नाम रोशन किया है। हिण्डालको इंडस्ट्रीज लिमिटेड, रेणुकूट के बॉयलर को-जनरेशन विभाग में कार्यरत रवि सिंह ने यूरोप के देश रोमानिया की राजधानी बुखारेस्ट में आयोजित 8वीं वर्ल्ड क्वान की डो चैंपियनशिप 2026 में रजत पदक जीतकर देश, प्रदेश और जिले को गौरवान्वित किया है। यह प्रतियोगिता 20 से 24 मई 2026 तक आयोजित हुई, जिसमें दुनिया के 37 देशों के खिलाड़ियों ने भाग लिया। रवि सिंह, स्वर्गीय महामाया प्रसाद सिंह के पुत्र हैं अपनी मेहनत, अनुशासन एवं निरंतर अभ्यास के दम पर उन्होंने यह ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की। विशेष बात यह है कि रवि सिंह उत्तर प्रदेश के पहले खिलाड़ी हैं जिन्हें इस प्रतिष्ठित विश्व स्तरीय प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने का अवसर प्राप्त हुआ। विश्व चैंपियनशिप के लिए रवाना होने से पूर्व सोनभद्र के जिलाधिकारी चर्चित गौड़ एवं पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने रवि सिंह को शुभकामनाएं देकर सम्मानपूर्वक विदा किया था। अधिकारियों ने उनकी उपलब्धि को जिले के लिए गर्व का विषय बताया और विश्व मंच पर उत्कृष्ट प्रदर्शन की कामना की थी। रवि सिंह ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, गुरुजनों, टीम कोच अतुल पंगोत्रा, एवं मैनेजर डॉ सुनील दत्त, अजय दलाल सहयोगियों तथा हिण्डालको रेणुकूट प्रबंधन को दिया। उन्होंने विशेष रूप से क्वान की डो फेडरेशन ऑफ इंडिया के सीईओ सतीश ठुल, उत्तर प्रदेश क्वान की डो एसोसिएशन के महासचिव अमित कुमार सिंह, क्वान की डो फेडरेशन ऑफ इंडिया के कोषाध्यक्ष विनोद कुमार तथा संगठन के समस्त पदाधिकारियों का आभार व्यक्त किया, जिनके सहयोग और मार्गदर्शन से उन्हें यह अवसर प्राप्त हुआ। रवि सिंह ने कहा, देश के लिए खेलना मेरे जीवन का सबसे बड़ा गर्व है। यह उपलब्धि केवल मेरी नहीं, बल्कि उन सभी लोगों की है जिन्होंने हर कदम पर मेरा समर्थन किया। मैं आगे भी पूरी मेहनत और समर्पण के साथ भारत का नाम रोशन करने का प्रयास करता रहूंगा।” रवि सिंह की इस उपलब्धि पर रेणुकूट एवं पूरे सोनभद्र जिले में खुशी का माहौल है। जनप्रतिनिधियों, खेल प्रेमियों, सहकर्मियों, मित्रों एवं शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं।









