शाहपुर में जंगली भेड़ियों का आतंक, दो वर्षीय अनुष्का पर हमला

पूर्वा टाइम्स -बेचन शर्मा
सहजनवा गोरखपुर। सहजनवा तहसील अंतर्गत विकास खंड पाली क्षेत्र के शाहपुर गांव में शनिवार देर रात जंगली जानवर के हमले से दहशत फैल गई। गांव निवासी धर्मेंद्र यादव की दो वर्षीय पुत्री अनुष्का यादव गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के समय बच्ची अपने माता-पिता के साथ घर के बाहर सो रही थी। तभी खेतों की ओर से आए संदिग्ध जंगली जानवर ने अचानक उस पर हमला कर दिया।
बच्ची की चीख सुनकर परिजन और आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे, जिसके बाद जानवर भाग निकला। हमले में अनुष्का के सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आई हैं। परिजन उसे तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसका इलाज जारी है।
घटना के बाद पूरे गांव में भय का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि पिछले कई दिनों से खेतों और बागों के आसपास जंगली जानवर की गतिविधियां देखी जा रही थीं। अब लोग रातभर टॉर्च और लाठी लेकर पहरा देने को मजबूर हैं। ग्रामीणों ने वन विभाग और प्रशासन से गांव में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने तथा जंगली जानवर को पकड़ने की मांग की है।








