करंट की चपेट में आए एक ही परिवार के तीन लोग, वाराणसी ट्रॉमा सेंटर रेफर.पूर्वा टाइम्स – ब्यूरोसोनभद्र के कोन थाना क्षेत्र के एक गांव में बिजली विभाग की लापरवाही के चलते बड़ा हादसा हो गया, जहां टूटकर लटक रहे बिजली के तार की चपेट में आकर एक ही परिवार के तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से उनकी हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए वाराणसी ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया।प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना उस समय हुई जब घर की 30 वर्षीय सुल्तानी पत्नी रामप्रवेशपानी लेने के लिए बाहर गई थी। उसी दौरान उसका 2 वर्षीय बेटा राम प्रवेश भी पीछे-पीछे वहां पहुंच गया और पोल के सहारे लटक रहे बिजली के तार को पकड़ लिया। तार में करंट प्रवाहित होने के कारण वह तुरंत उसकी चपेट में आकर चिपक गया। बेटे को तड़पता देख मां उसे बचाने दौड़ी, लेकिन वह भी करंट की चपेट में आ गई। इसके बाद 3 वर्षीय बेटी अर्चना भी दोनों को बचाने पहुंची, लेकिन वह भी बिजली के करंट की जद में आकर घायल हो गई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। परिजनों ने तत्काल 108 एंबुलेंस सेवा को सूचना दी, लेकिन आरोप है कि समय पर एंबुलेंस उपलब्ध नहीं हो सकी और विभिन्न बहाने बनाए गए। ऐसे में परिजनों ने निजी वाहन की व्यवस्था कर तीनों घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। घायलों के परिजन राजकुमार ने बताया कि बिजली के तार पोल पर लटक रहे थे, लेकिन समय रहते ठीक नहीं किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि यदि समय रहते विभाग द्वारा तार को ठीक करा दिया जाता तो यह हादसा टाला जा सकता था। ग्रामीणों ने भी बिजली विभाग की कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठाते हुए लापरवाही के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल तीनों घायलों का इलाज वाराणसी में चल रहा है और उनकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। प्रशासन द्वारा मामले की जांच की बात कही जा रही है। हालांकि घटना के बाद जेई मौके पर पहुंचे कि नहीं पहुंचे इसकी जानकारी से परिजनों ने अनभिज्ञता जताई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *