ओबरा पुलिस की बड़ी कार्रवाई तेज आवाज वाली बुलेट गाड़ियों पर कसा शिकंजा, साइलेंसर उतरवाए

पूर्वा टाइम्स – समाचार

ओबरा (सोनभद्र)। औद्योगिक नगरी ओबरा की सड़कों पर तेज आवाज और कर्कश शोर मचाकर शांति भंग करने वाले बुलेट सवारों के खिलाफ स्थानीय पुलिस ने सख्त रुख अख्तियार कर लिया है। ओबरा क्षेत्राधिकारी (CO) के नेतृत्व में चलाए गए एक विशेष अभियान के दौरान यातायात नियमों को ताक पर रखकर दौड़ रही दर्जनों बुलेट मोटरसाइकिलों की सघन जांच की गई और उल्लंघनकर्ताओं के खिलाफ मौके पर ही कड़ी कार्रवाई की गई। ओबरा क्षेत्राधिकारी के कुशल नेतृत्व में पुलिस टीम ने शहर के प्रमुख चौराहों और मुख्य मार्गों पर नाकाबंदी कर चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान पुलिस का मुख्य निशाना वे बाइक सवार थे जिन्होंने अपनी बुलेट में कंपनी के मानक के विपरीत मॉडिफाइड साइलेंसर लगवा रखे थे। जैसे ही किसी बाइक से पटाखे जैसी या तेज आवाज सुनाई दी, पुलिस टीम ने उसे घेरकर तुरंत रुकवा लिया। जांच के दौरान पुलिस ने पाया कि कई चालकों ने अपनी बाइकों में ऐसे साइलेंसर लगवाए थे जो मोटर व्हीकल एक्ट के तहत प्रतिबंधित हैं। ये मॉडिफाइड साइलेंसर न केवल भारी ध्वनि प्रदूषण फैलाते हैं, बल्कि सड़कों पर चलने वाले राहगीरों, बुजुर्गों और मरीजों के लिए भी भारी परेशानी का सबब बनते हैं। पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए पकड़ाए गए वाहनों से मौके पर ही अवैध साइलेंसर हटवाए। इसके साथ ही नियमों का उल्लंघन करने वाले दर्जनों वाहन चालकों पर भारी जुर्माना लगाया गया।पुलिस ने चालकों को दोबारा पकड़े जाने पर वाहन सीज करने की चेतावनी भी दी।इस कार्रवाई के संबंध में पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक सड़कों पर अनुशासन बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है। तेज आवाज के जरिए दहशत फैलाने या आम जनता की शांति में खलल डालने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। यह अभियान भविष्य में भी निरंतर जारी रहेगा ताकि सड़क सुरक्षा और शांति व्यवस्था बनी रहे।इस कार्रवाई से क्षेत्र के प्रबुद्ध नागरिकों और आम जनता ने राहत की सांस ली है और पुलिस प्रशासन के इस कदम की सराहना की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *