मिशन शक्ति 6.0: चोपन पुलिस की अनूठी पहल, सुलझे विवादों के बाद थाने बुलाकर परिजनों को किया सम्मानित, लिया फीडबैक
पूर्वा टाइम्स – ब्यूरो
चोपन (सोनभद्र)।
शासन की मंशानुरूप महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान व स्वावलंबन के लिए संचालित ‘मिशन शक्ति अभियान फेज 6.0’ के तहत शुक्रवार, 16 अक्टूबर 2026 को थाना चोपन परिसर में एक सराहनीय व संवेदनशील पहल देखने को मिली। मिशन शक्ति केंद्र (महिला हेल्प डेस्क) चोपन द्वारा पूर्व में सफलतापूर्वक निस्तारित कराए गए पारिवारिक प्रकरणों के अभिभावकों एवं पारिवारिक सदस्यों को थाने आमंत्रित कर सम्मानित किया गया तथा उनका फीडबैक लिया गया।
सुलह के बाद भी रिश्तों पर पुलिस की नजर
अक्सर देखा जाता है कि पारिवारिक विवादों में समझौते के बाद भी कटुता रह जाती है। इसी दूरी को मिटाने और यह सुनिश्चित करने के लिए कि दोनों पक्ष अपने समझौते पर पूरी निष्ठा से कायम हैं, थाना चोपन के मिशन शक्ति केंद्र द्वारा यह कार्यक्रम आयोजित किया गया। पुलिस टीम ने दोनों पक्षों को एक साथ बैठाकर उनके वर्तमान पारिवारिक माहौल की जानकारी ली। बातचीत के दौरान परिजनों ने बताया कि समझौते के बाद से घर में शांति और सौहार्द का माहौल है।
मिष्ठान खिलाकर और सम्मान देकर दी शुभकामनाएं
थाना परिसर में उपस्थित पुलिस अधिकारियों व मिशन शक्ति टीम ने दोनों पक्षों के परिजनों को सम्मानित किया और एक-दूसरे के प्रति विश्वास व सामंजस्य बनाए रखने के लिए प्रेरित किया। पुलिस कर्मियों ने परिजनों को आश्वस्त किया कि मिशन शक्ति केंद्र केवल विवाद सुलझाने तक सीमित नहीं है, बल्कि परिवारों को टूटने से बचाने और उन्हें सुरक्षित माहौल देने के लिए निरंतर उनके साथ खड़ा है।
पुलिस की कार्यशैली की परिजनों ने की सराहना
सम्मान पाने के बाद परिजनों ने चोपन पुलिस की इस पहल की मुक्तकंठ से प्रशंसा की। परिजनों का कहना था कि पुलिस द्वारा समझौते के बाद भी घर-परिवार का हालचाल लेना और बुलाकर सम्मान देना उनके विश्वास को और मजबूत करता है।
इस अवसर पर मिशन शक्ति केंद्र की महिला पुलिस कर्मी, उपनिरीक्षक और महिला आरक्षी प्राची शुक्ला एवं संबंधित परिवारजन मौजूद रहे

