मेडिकल कॉलेज में बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं हेतु मैनपावर एवं उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश

पूर्वा टाइम्स – समाचार

सोनभद्र -जिलाधिकारी चर्चित गौड़ की अध्यक्षता में आज मेडिकल कॉलेज में इंस्ट्रूमेंट एवं मैनपावर की समस्या के संबंध में अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने उपस्थित अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि मेडिकल कॉलेज के माध्यम से जन-जन को बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना शासन एवं प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज में मैनपावर के अभाव में जिन उपकरणों एवं इंस्ट्रूमेंट्स का संचालन प्रभावित हो रहा है, उनके लिए संबंधित विभागों के माध्यम से आवश्यक मैनपावर की नियुक्ति की कार्यवाही तत्काल सुनिश्चित की जाए। साथ ही आवश्यक चिकित्सा उपकरणों एवं इंस्ट्रूमेंट्स की खरीद जिला खनिज फाउंडेशन (डीएमएफ) के माध्यम से कराए जाने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने मेडिकल कॉलेज की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने पर विशेष जोर देते हुए कहा कि सुरक्षा कर्मियों की जिम्मेदारी स्पष्ट रूप से निर्धारित की जाए तथा रोस्टर के अनुसार उनकी ड्यूटी लगाई जाए। उन्होंने समय-समय पर मेडिकल कॉलेज परिसर में सुरक्षा व्यवस्था की पेट्रोलिंग सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए, ताकि मरीजों एवं तीमारदारों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।
बैठक में अपर जिलाधिकारी (वि0/रा0) वागीश कुमार शुक्ला, प्राचार्य मेडिकल कॉलेज डॉ. आनंद कुमार सिंह, वरिष्ठ कोषाधिकारी इंद्रभान सिंह सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *