एमआरपी व्यवस्था को लेकर अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत का “चलो जंतर मंतर दिल्ली” अभियान

गोरखपुर। अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत द्वारा देशव्यापी विषय एमआरपी व्यवस्था को लेकर 12 जून को “चलो जंतर मंतर दिल्ली” अभियान आयोजित किया जाएगा। अभियान के माध्यम से संगठन बाजार में अधिकतम खुदरा मूल्य (एमआरपी) व्यवस्था में पारदर्शिता, उपभोक्ताओं के अधिकारों की सुरक्षा तथा मूल्य निर्धारण में एकरूपता की मांग उठाएगा। अभियान को लेकर संगठन की ओर से विभिन्न स्तरों पर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।
अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत के पूर्वी क्षेत्र के संगठन मंत्री डा ओंकार नाथ तिवारी, गोरक्ष प्रांत के सचिव कुमुदकान्त त्रिपाठी, कोषाध्यक्ष डा विजयनाथ पाण्डेय तथा महानगर कार्यकर्ता अमित कुमार सिंह, शक्ति आनन्द गुप्ता, शैलेन्द्र दुबे व मुन्ना लाल गुप्ता ने संयुक्त पत्रकार वार्ता में अभियान की जानकारी दी।
पदाधिकारियों ने बताया कि वर्तमान समय में एमआरपी को लेकर उपभोक्ताओं के साथ व्यापक स्तर पर भ्रम और शोषण की स्थिति बनी हुई है। अलग-अलग दुकानों, मॉल और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर एक ही उत्पाद अलग-अलग कीमतों पर बेचा जा रहा है, जिससे आम ग्राहकों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि कई स्थानों पर पैक्ड वस्तुओं पर अंकित मूल्य से अधिक धनराशि वसूली जाती है, जबकि यह उपभोक्ता अधिकारों का सीधा उल्लंघन है।
पत्रकार वार्ता में बताया गया कि अभियान के संबंध में प्रदेश और महानगर स्तर के कार्यकर्ताओं द्वारा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, केंद्रीय राज्यमंत्री कमलेश पासवान तथा जिलाधिकारी गोरखपुर को ज्ञापन देकर कार्यक्रम से अवगत कराया जा चुका है। इसके अलावा गोरक्ष प्रांत के अन्य जिलों में भी सांसदों, विधायकों और जिलाधिकारियों को ज्ञापन के माध्यम से प्रधानमंत्री, वित्त मंत्री, वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री तथा उपभोक्ता मामलों के मंत्री को अभियान से अवगत कराया जा रहा है। संगठन की ओर से हस्ताक्षर अभियान चलाकर आम लोगों को भी इस आंदोलन से जोड़ने की योजना बनाई गई है।
पदाधिकारियों ने बताया कि आगामी दिनों में विभिन्न स्थानों पर प्रबुद्धजन संगोष्ठियों का आयोजन किया जाएगा, जिसमें उपभोक्ता अधिकार, एमआरपी व्यवस्था और बाजार में पारदर्शिता जैसे विषयों पर चर्चा होगी। इसके साथ ही व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाकर लोगों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक किया जाएगा। संगठन का कहना है कि उपभोक्ता यदि जागरूक होंगे तभी बाजार में अनियमितताओं पर रोक लगाई जा सकेगी।
उन्होंने कहा कि 12 जून को दिल्ली के जंतर मंतर पर आयोजित होने वाले कार्यक्रम में देशभर से हजारों कार्यकर्ता और उपभोक्ता प्रतिनिधि शामिल होंगे। यह आंदोलन किसी राजनीतिक उद्देश्य से नहीं, बल्कि आम जनता और उपभोक्ताओं के हितों की रक्षा के लिए किया जा रहा है। संगठन ने लोगों से अधिक से अधिक संख्या में अभियान से जुड़ने और उपभोक्ता अधिकारों की आवाज बुलंद करने की अपील की है।








