रेड क्रॉस दिवस पर मानव बंधुत्व का संदेश, टीबी व कुष्ठ रोगियों को वितरित की गई राहत सामग्रीपूर्वा टाइम्स – समाचार
सोनभद्र -विश्व रेड क्रॉस दिवस के अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय सभागार में “मानव बंधुत्व” थीम पर विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में रेड क्रॉस के संस्थापक जीन हेनरी ड्यूनांट के जन्मदिवस पर उनके मानवीय योगदान को याद किया गया। इस अवसर पर रेड क्रॉस शाखा के सदस्यों द्वारा गोद लिए गए 35 टीबी रोगियों एवं 5 कुष्ठ रोगियों को पोषक पोटली, पौधे और राहत सामग्री वितरित की गई। साथ ही मरीजों को दवा का पूरा कोर्स करने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान रेड क्रॉस सदस्य दिलीप कुमार दूबे द्वारा ग्रासिम इंडस्ट्रीज़ लिमिटेड में रक्तदान शिविर का आयोजन कराया गया, जिसमें 25 यूनिट रक्त एकत्र कर राजकीय मेडिकल कॉलेज को उपलब्ध कराया गया। रेड क्रॉस शाखा के चेयरमैन डॉ. आर. एस. सिंह ने बताया कि जल्द ही रेड क्रॉस भवन का निर्माण कराया जाएगा, जिससे जरूरतमंदों तक रेड क्रॉस की मानवीय सेवाओं को और प्रभावी ढंग से पहुंचाया जा सकेगा। कार्यक्रम में वाइस चेयरमैन विमल अग्रवाल, सचिव डॉ. टी. पी. सिंह, कोषाध्यक्ष किशोरी सिंह, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. जी. एस. यादव तथा उपमुख्य चिकित्सा अधिकारी एवं सरकारी सचिव डॉ. सुमन कुमार सहित अन्य लोग मौजूद रहे।









