डीएम चर्चित गौड़ का औचक निरीक्षण, विकास कार्यों में गुणवत्ता व समयबद्धता पर सख्त निर्देश.
पूर्वा टाइम्स – समाचार
सोनभद्र -जनपद में संचालित विभिन्न विकास योजनाओं का जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने औचक निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने नगर पंचायत पेयजल पुनर्गठन योजना, राजकीय बालिका हाई स्कूल हिनौती तथा कलवारी-रॉबर्ट्सगंज मार्ग के चौड़ीकरण एवं सुंदरीकरण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। जिलाधिकारी ने कहा कलवारी- रॉबर्ट्सगंज खलियारी मार्ग के चौड़ीकरण कार्य का थर्ड पार्टी से जांच भी कर ली जाए। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों और कार्यदायी संस्थाओं को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि घोरावल नगर पंचायत की पेयजल पुनर्गठन योजना को उच्च गुणवत्ता के साथ शीघ्र पूर्ण कराया जाए, ताकि आमजन को स्वच्छ एवं पर्याप्त पेयजल उपलब्ध हो सके। उन्होंने चेतावनी दी कि कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कलवारी-रॉबर्ट्सगंज मार्ग के चौड़ीकरण एवं सुंदरीकरण कार्य का निरीक्षण करते हुए डीएम ने बरसात से पहले सड़क निर्माण कार्य हर हाल में पूरा करने के निर्देश दिए। मौके पर ही सड़क निर्माण में प्रयुक्त गिट्टी की मात्रा का सत्यापन कराया गया और लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को गुणवत्ता से कोई समझौता न करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण इस प्रकार किया जाए कि आवागमन सुरक्षित, सुगम और टिकाऊ हो, जिससे आम जनता को लंबे समय तक बेहतर सुविधा मिल सके। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों से योजनाओं की विस्तृत प्रगति रिपोर्ट ली और कार्यों को समयबद्ध व पारदर्शी तरीके से पूर्ण कराने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में गुणवत्ता सर्वोपरि है और इसमें किसी प्रकार की ढिलाई स्वीकार नहीं की जाएगी। इस अवसर पर जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी संतपाल वर्मा, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग, जल निगम (शहरी एवं ग्रामीण) के अधिकारी तथा जिला विद्यालय निरीक्षक जयराम सिंह विनय सिह सहित सम्बधित धिकारी मौजूद रहे।









