प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को वित्तीय वर्ष 2026-27 में दो निःशुल्क एलपीजी सिलेंडर रिफिल उपलब्ध कराने के संबंध में समीक्षा बैठक आयोजित
पात्र लाभार्थियों का शत-प्रतिशत सत्यापन, आधार सीडिंग एवं ई-केवाईसी अद्यतन कराने के अपर जिलाधिकारी ने दिए निर्देश
पूर्वा टाइम्स – ब्यूरो
सोनभद्र -अपर जिलाधिकारी (वि0रा0) की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट परिसर स्थित सभागार में प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को वित्तीय वर्ष 2026-27 में दो निःशुल्क एलपीजी सिलेंडर रिफिल उपलब्ध कराने की योजना के संचालन के संबंध में जनपद स्तरीय समिति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में तेल विपणन कंपनियों के साथ समन्वय स्थापित करने, लाभार्थियों को सिलेंडर रिफिल एवं प्रतिपूर्ति धनराशि प्राप्त करने में आ रही समस्याओं के समाधान तथा योजना की नियमित मॉनिटरिंग पर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में जिला पूर्ति अधिकारी, लीड बैंक मैनेजर सोनभद्र, वरिष्ठ निरीक्षक विधिक माप-विज्ञान, समस्त पूर्ति निरीक्षकगण तथा इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (IOCL), भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (BPCL) एवं हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (HPCL) के विक्रय प्रबंधक उपस्थित रहे।
बैठक में योजना की समीक्षा करते हुए अपर जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि जनपद में प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के अंतर्गत पंजीकृत समस्त लाभार्थियों का शत-प्रतिशत भौतिक सत्यापन सुनिश्चित कराया जाए। साथ ही, सभी पंजीकृत लाभार्थियों के बैंक खातों की आधार सीडिंग तथा ई-केवाईसी की स्थिति अद्यतन कराई जाए, जिससे किसी भी पात्र लाभार्थी को योजना का लाभ प्राप्त करने में असुविधा न हो। उन्होंने दूरस्थ एवं ग्रामीण क्षेत्रों में उपभोक्ताओं को समयबद्ध तरीके से एलपीजी सिलेंडरों की होम डिलीवरी सुनिश्चित कराने के कड़े निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त, सभी लाभार्थियों का बायोमेट्रिक सत्यापन पूर्ण कराने के लिए गैस एजेंसियों के प्रोपराइटर एवं प्रबंधकों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
अपर जिलाधिकारी ने निष्क्रिय लाभार्थियों अथवा निष्क्रिय खातों की पहचान कर संबंधित सूची अद्यतन करने तथा लाभार्थियों को निःशुल्क सिलेंडर रिफिल प्राप्त करने की प्रक्रिया, निर्धारित तिथियों एवं पात्रता संबंधी शर्तों के बारे में जागरूक करने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार कराने पर भी जोर दिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं तेल विपणन कंपनियों के प्रतिनिधियों को आपसी समन्वय स्थापित कर योजना का समयबद्ध एवं पारदर्शी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि जनपद के प्रत्येक पात्र उज्ज्वला लाभार्थी को योजना का पूर्ण लाभ प्राप्त हो सके।

