राज्य स्तरीय विवेकानन्द यूथ एवार्ड (व्यक्तिगत श्रेणी) के लिए 20 नवंबर तक करें आवेदन
सामाजिक कार्यों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले 15 से 35 वर्ष के युवाओं को मिलेगा सम्मान, आवेदन की तीन प्रतियां जमा करना अनिवार्य
पूर्वा टाइम्स – ब्यूरो
सोनभद्र -जिला युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल अधिकारी, सोनभद्र द्वारा अवगत कराया गया है कि महानिदेशक, प्रांतीय रक्षक दल/विकास दल एवं युवा कल्याण, उत्तर प्रदेश, लखनऊ के निर्देशानुसार प्रदेश सरकार द्वारा वर्ष 2026-27 के लिए व्यक्तिगत श्रेणी के अंतर्गत राज्य स्तरीय विवेकानन्द यूथ एवार्ड प्रदान किया जाना है। इस पुरस्कार के माध्यम से सामाजिक कार्यों एवं राष्ट्रीय विकास के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले युवाओं को सम्मानित किया जाएगा। इसके लिए विगत तीन वर्षों अर्थात 01 अप्रैल, 2023 से 31 मार्च, 2026 तक सराहनीय कार्य करने वाले युवाओं के प्रस्ताव जिलाधिकारी, सोनभद्र की अनुशंसा के साथ महानिदेशालय, लखनऊ को भेजे जाएंगे। खेलकूद, सामाजिक वृक्षारोपण, परिवार कल्याण, अल्प बचत, रक्तदान, नशामुक्ति, जल संरक्षण, पुस्तकालय एवं वाचनालय की स्थापना व संचालन, जैविक खेती, सौर ऊर्जा संयंत्र की स्थापना, स्वच्छता कार्यक्रम, राष्ट्रीय एकीकरण, साक्षरता, आपदा प्रबंधन, मतदाता जागरूकता, स्वास्थ्य, अनुसंधान, कला, संस्कृति एवं साहित्य, मानवाधिकारों को बढ़ावा देने, पर्यटन, पारंपरिक चिकित्सा, सक्रिय नागरिकता, सामुदायिक सेवा, खेल एवं शैक्षिक उत्कृष्टता तथा स्मार्ट लर्निंग सहित अन्य निर्धारित क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले युवा आवेदन कर सकते हैं।
आवेदन की पात्रता एवं आवश्यक शर्तें के संबंध में उन्होंने बताया कि आवेदक उत्तर प्रदेश का नागरिक होना चाहिए तथा नामांकन के वर्ष की 01 जनवरी को उसकी आयु 15 से 35 वर्ष के बीच होनी चाहिए। आवेदक द्वारा निर्धारित तीन वित्तीय वर्षों में संबंधित क्षेत्रों में उल्लेखनीय एवं प्रमाणित कार्य किया गया हो। यह पुरस्कार किसी व्यक्ति को उसके जीवनकाल में केवल एक बार प्रदान किया जाएगा। केंद्र एवं राज्य सरकार, सार्वजनिक उपक्रमों, विश्वविद्यालयों, स्कूलों तथा कॉलेजों आदि में सरकारी सेवा में कार्यरत व्यक्ति इस पुरस्कार के लिए पात्र नहीं होंगे। इच्छुक एवं पात्र युवाओं से अपील की है कि वे निर्धारित प्रस्ताव प्रारूप में संबंधित कार्यों के साक्ष्यों सहित अपना आवेदन मूल रूप में तीन प्रतियों में बुकलेट फॉर्मेट में दिनांक 20 नवंबर, 2026 तक जिला युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल अधिकारी कार्यालय, विकास भवन, सोनभद्र, कमरा संख्या-68 में अनिवार्य रूप से जमा करना सुनिश्चित करें।
