ऑटो–बाइक की भिड़ंत में युवक की मौत, चार गंभीर घायल.पूर्वा टाइम्स – समाचार सोनभद्र -बभनी थाना क्षेत्र के नधीरा गांव के पास मंगलवार तड़के ऑटो और बाइक की आमने-सामने टक्कर में एक युवक की मौत हो गई, जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जुट गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, बाइक सवार धरम (35), लोकमन (33), अजय (34) और आरके कुमार (35) निवासी डोडहर थाना बीजपुर दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं ऑटो में सवार चंपा देवी (30) निवासी नधीरा भी बुरी तरह जख्मी हो गईं। घटना की सूचना मिलते ही 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र म्योरपुर में भर्ती कराया गया। सीएचसी में तैनात चिकित्सक डॉ. पल्लवी सिन्हा ने घायलों का प्राथमिक उपचार किया। हालत नाजुक देखते हुए बाइक सवार चारों युवकों को जिला अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही धरम ने दम तोड़ दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों के मुताबिक, चारों युवक परनी गांव में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होकर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान नधीरा गांव के पास विपरीत दिशा से आ रहे ऑटो से उनकी भिड़ंत हो गई। वहीं घायल महिला चंपा देवी जरहा से अपने घर लौट रही थीं। बताया जा रहा है कि ऑटो में सवार अन्य यात्रियों को मामूली चोटें आई हैं। हादसे के बाद स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य किया गया। स्वास्थ्य विभाग ने मेमो के जरिए पुलिस को सूचना दे दी है, जिसके बाद आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *