लू के कहर से बदला स्कूल टाइम, अब सुबह 7:30 से दोपहर 12 बजे तक लगेंगी कक्षाएं.पूर्वा टाइम्स – समाचार सोनभद्र में भीषण गर्मी और लू के प्रकोप को देखते हुए जिला प्रशासन ने स्कूली बच्चों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए बड़ा फैसला लिया है। जिलाधिकारी बी.एन. सिंह ने कक्षा 1 से 8 तक के सभी विद्यालयों के समय में तत्काल प्रभाव से बदलाव का आदेश जारी किया है। नए आदेश के अनुसार, जनपद के सभी परिषदीय, सहायता प्राप्त, मान्यता प्राप्त, सीबीएसई और आईसीएसई बोर्ड से संबद्ध हिंदी एवं अंग्रेजी माध्यम के स्कूलों का संचालन अब सुबह 7:30 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक किया जाएगा। तेज धूप और लू का बच्चों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल असर पड़ सकता है, इसलिए एहतियात के तौर पर यह कदम उठाया गया है। सुबह के समय तापमान अपेक्षाकृत कम रहता है, जिससे बच्चों को गर्मी से राहत मिलेगी और वे सुरक्षित वातावरण में पढ़ाई कर सकेंगे। दोपहर की बढ़ती गर्मी और लू से बचाव के लिए स्कूलों का समय कम किया गया है, ताकि बच्चों को स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का सामना न करना पड़े।जिलाधिकारी ने सभी विद्यालय प्रबंधनों को आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। बता दे कि बच्चों को पर्याप्त पानी पीने, धूप से बचने और आवश्यक सावधानियां बरतने की ज़रूरत है। अभिभावकों को भी अपने बच्चों का विशेष ध्यान रखने की ज़रूरत है और गर्मी से बचाव के उपाय अपनाने के लिए एहतिहात बरतनी चाहिए। प्रदेश के अन्य जिलों के साथ सोनभद्र जिले में तापमान लगातार बढ़ रहा है और मौसम विभाग द्वारा लू चलने की संभावना जताई जा रही है। जिला प्रशासन का यह कदम बच्चों की सुरक्षा और स्वास्थ्य को प्राथमिकता देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *