अनपरा पुलिस की कार्रवाई, 9.63 ग्राम हेरोइन के साथ युवक गिरफ्तार.
पूर्वा टाइम्स – समाचार
सोनभद्र -जनपद में मादक पदार्थों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना अनपरा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। अभिषेक वर्मा के निर्देशन में पुलिस टीम ने 9.63 ग्राम अवैध हेरोइन के साथ एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार मुखबिर की सूचना पर जीएम ऑफिस ककरी के पास छापेमारी कर सोनू कुमार पुत्र संतोष कुमार निवासी ककरी कॉलोनी, थाना अनपरा को गिरफ्तार किया गया। उसके पास से 9.63 ग्राम अवैध हेरोइन (अनुमानित कीमत करीब 1 लाख रुपये), एक ओप्पो F23 मोबाइल फोन, नकदी और एक पल्सर मोटरसाइकिल बरामद की गई।
गिरफ्तारी एवं बरामदगी के आधार पर थाना अनपरा में मु.अ.सं.-86/2026 धारा 8/21/27ए/29 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने अभियुक्त को गिरफ्तार कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पूछताछ में अभियुक्त ने खुलासा किया कि वह हेरोइन को सूरज कुमार उर्फ सूरज जैक्स निवासी रेहटा से प्राप्त करता था और उसे छोटे-छोटे पुड़िया बनाकर ₹500 प्रति पुड़िया के हिसाब से बेचता था। बिक्री से प्राप्त रकम का हिस्सा उसे दिया जाता था। पुलिस के अनुसार उक्त सप्लायर बाहरी स्थानों से हेरोइन लाकर क्षेत्र में नेटवर्क के माध्यम से बिक्री कराता है।
इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक बृजेश कुमार दूबे, हेड कांस्टेबल विजय कुमार और कांस्टेबल सौरभ वर्मा की प्रमुख भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जनपद में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे मामलों में शामिल लोगों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।









